लुटेरी दुल्हन की तलाश में महाराष्ट्र पहुंची पुलिस, कुछ नहीं मिला
खंडवा | शादी की रात पति को सोता छोड़ सोने-चांदी के जेवरात व 50 हजार रुपए लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन की तलाश में 21 दिन बाद खंडवा पुलिस महाराष्ट्र पहुंची। अब तक पुलिस साइबर सेल की मदद से धोखेबाज युवती व उसके साथियों की मोबाइल लोकेशन ही ट्रेस करने में लगी थी। उल्लेखनीय है कि गत 23 मार्च को विकास शाहनी (32) ने आर्य समाज मंदिर में रमा जगताप (24) निवासी मुकुंदवाड़ी औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के साथ शादी की थी। शादी को 12 घंटे भी नहीं हुए थे कि रमा अपने पति संदीप जगताप (32) जिसे उसने अपना भाई बताया था के साथ विकास के घर से 50 हजार रुपए नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई थी। विकास का रिश्ता हापला दीपला की दलाल महिला रजिया पति शिवपाल सोलंकी (41) ने कराया था। शिवाजी पिता भागजी (55) निवासी अकोला मामा बनकर आया था, जो कि शादी के बाद ही फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने रजिया को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेजा गया। मामले के जांच अधिकारी हुकुमचंद चौधरी लुटेरी दुल्हन रमा व उसके दो साथियों का पता लगाने के लिए शनिवार को महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए। जांच अधिकारी ने शनिवार शाम औरंगाबाद पुलिस से संपर्क किया और रमा व उसके पति संदीप की जानकारी व उनके आपराधिक रिकार्ड की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा है।