सुक्ता फिल्टर प्लांट के साथ ही ट्यूबवेल और झीलोद्यान कुएं से बांटा पानी
नर्मदा जल योजना की मुख्य पाइप लाइन शनिवार दोपहर 14 किलोमीटर दूर अमलपुरा रोड पर फूट गई। दाना बाबा मंदिर के पास पाइप लाइन फूटने के बाद विश्वा कंपनी ने दोपहर में सुधार कार्य शुरू किया। हालांकि शाम 6 बजे तक कर्मचारी पाइप लाइन से पानी खाली करते रहे। देररात तक सुधार कार्य होने की संभावना है। शहर में नर्मदा जल योजना से पानी रविवार शाम तक आने की उम्मीद है।
इधर निगम ने वैकल्पिक रूप से दोपहर 12.30 बजे जसवाड़ी स्थित सुक्ता नदी का फिल्टर प्लांट चालू कर शहर में सप्लाई की। शहर के मध्य क्षेत्र में सप्लाई होने से किसी तरह की समस्या नहीं हुई। इसके साथ ही ट्यूबवेल, झीलोद्यान कुएं और नागचून फिल्टर प्लांट से भी शहर में पानी सप्लाई किया। रविवार रात तक इसी व्यवस्था से शहर में पानी सप्लाई किया जाएगा।
नर्मदा की मुख्य पाइप लाइन फूटी, शहर में आज रात तक आएगा पानी
पेयजल की स्थिति
20672 शहर में नल कनेक्शन
280 ट्यूबवेल से भी किया जाता है पानी सप्लाई
35 ट्यूबवेल जल स्तर कम होने से हो गए बंद
5 निगम के टैंकरों से भी किया जा रहा पानी सप्लाई
80 ट्रिप पानी शहर में टैंकर से बांटा जा रहा है
अमलपुरा के पास फूटी लाइन को सुधारते कर्मचारी।
जमीन के निचले हिस्से में फूटी पाइप लाइन
अमलपुरा के पास शनिवार को पाइप लाइन निचले हिस्से में फूटी। शहर में पानी की मांग बढ़ने पर चारखेड़ा फिल्टर प्लांट पर फिलहाल 4 मोटर पंप चलाए जा रहे हैं। अधिक प्रेशर से शहर के लिए पानी पाइप लाइन में छोड़ा जा रहा है। संभवत: लाइन में कंपन होने के कारण निचले हिस्से में पत्थरों से टकराने पर लाइन फूटी। विश्वा कंपनी के कर्मचारियों ने सुधार के लिए पाइप का ऊपरी हिस्सा काटकर लाइन से पूरी तरह पानी खाली किया। इसके बाद निचले हिस्से की मरम्मत कर ऊपरी हिस्सा भी बंद किया। शनिवार देर रात चारखेड़ा फिल्टर प्लांट चालू करने पर रविवार रात तक पानी शहर में आने की संभावना है।