- Hindi News
- National
- राजस्थान के ऊपर हवा में बने चक्रवात के कारण चली धूल भरी आंधी, पेड़, बिजली खंभे गिरे, अगले दो दिन रहेगी यही स्थिति
राजस्थान के ऊपर हवा में बने चक्रवात के कारण चली धूल भरी आंधी, पेड़, बिजली खंभे गिरे, अगले दो दिन रहेगी यही स्थिति
खंडवा | बुधवार दोपहर बाद करीब 3.30 बजे धूल भरी आंधी चली। इससे पेड़, बिजली खंभे गिरे। आंधी के बाद हुई बूंदाबांदी के बाद तापमान गिर गया। जिले में कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई है। राजस्थान में ऊपरी हवा में बने चक्रवात के कारण मौसम की यह स्थिति बनी है। शुक्रवार तक यही स्थिति रहने की आशंका है। तेज हवाएं चलती रहेंगी। सतर्क रहकर इनके नुकसान से बचा जा सकता है। बुधवार को दिन का तापमान 42.1 और रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को दिन का तापमान 42.5 और रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा था। उधर, आंधी के दौरान ट्रेंचिंग मैदान में आग लग गई। धुआं फैल गया। नगर निगम से फायर फाइटर गए और आग बुझाई। मौसम विज्ञान केंद्र के जीडी मिश्रा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मप्र में बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण मौसम बदला है। दो दिन मौसम ऐसे ही बना रह सकता है।
आंधी चलने पर सिविल लाइन क्षेत्र में करीब 10 मिनट तक धूल उड़ती रही। स्टेडियम, जनपद तिराहा पर धूल के कारण हाथठेला भी नजर नहीं आ रहा। फोटो - विकास चौहान
धूल इतनी कि 10 फीट सामने तक के वाहन नहीं आ रहे थे नजर, बांबे बाजार व स्टेडियम सहित अन्य क्षेत्रों में होर्डिंग गिरे
धूल भरी आंधी के कारण बस स्टैंड के पास अग्रसेन चौराहे पर जंग लगने से जर्जर हुआ बिजली खंभा बाइक एमपी-47 एमसी-3205 पर गिरा। कब्रिस्तान रोड निवासी बाइक सवार जय डॉनल बचा। भोपाल से पति दिलीप चाकरे के साथ आई और रेलवे स्टेशन से अपने गांव केहलारी जाने के लिए बस स्टैंड जा रही ममता बाई को खंभे की चपेट में आ गई। इनके सिर में चोट आई।