नर्मदा योजना से भरे जाएंगे टैंक,बांटेंगे सुक्ता जल
खंडवा | शहर में बिगड़ रही पानी सप्लाई की व्यवस्था सुधारने के लिए अब नर्मदा जल से ओवरहेड टैंक भरे जाएंगे। सुक्ता से शहर के मध्य क्षेत्र में पानी बांटा जाएगा।
इस संबंध में बुधवार को निगम के जोन नंबर एक कार्यालय में बैठक हुई। इसमें यह निर्णय हुआ। व्यवस्था बनाने के लिए कुछ दिन तक नर्मदा योजना के साथ ही सुक्ता फिल्टर प्लांट भी चलाया जाएगा। शहर के मध्य क्षेत्र में सुक्ता का पानी दिया जाएगा। वहीं नर्मदा की पाइप लाइनों से ओवर हेड टैंक भरे जाएंगे। ओवरहेड टैंक नहीं भर पाने के कारण व्यवस्थित पानी वितरण नहीं हो रहा था। पानी वितरण का प्रबंधन सुधारने के लिए करीब दो घंटे तक अफसरों ने चर्चा की। कार्यपालन यंत्री ईश्वर सिंह चंदेली के साथ ही बैठक में विश्वा के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रवीण कुमार, देवेंद्र सिंह, सुनील कुमार, ईपीसी के भावेश पटेल, उपयंत्री संजय शुक्ला, राजेश गुप्ता, दिलीप मालवीय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
3.75 मीटर हो गया सुक्ता में जल स्तर - जसवाड़ी स्थित सुक्ता फिल्टर प्लांट के स्टॉप डेम का जलस्तर बढ़ रहा है। इसमें 3.75 मीटर जल स्तर हो गया है। 4 मीटर क्षमता तक इसमें पानी संग्रहित किया जाता है। अब तक आए पानी से शहर में 15 दिन तक वितरण किया जा सकता है।