ओंकारेश्वर में तेज बारिश से सड़कों पर भरा पानी, पुनासा-दोहद में गिरे पेड़
भास्कर संवाददाता | ओंकारेश्वर
ओंकारेश्वर में बुधवार दोपहर 3.30 बजे अचानक तेज आंधी-तूफान के साथ बादल छाए। कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। 45 मिनट गिरे पानी ने जन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नाला जाम होने से पानी साप्ताहिक बाजार में घुस गया। व्यापारी अपनी सब्जी-फल की दुकानें लेकर भागते नजर आए। उन्होंने नगर परिषद की लापरवाही और अव्यवस्था को जमकर कोसा।
साप्ताहिक बाजार में बड़वाह, सनावद तथा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में व्यापारी आते हैं। सनावद के दिनेश मालाकार, कमला बाई ने बताया नगर परिषद ने बाजार में कोई व्यवस्था और सुविधा नहीं दी है। कुछ देर की बारिश में पूरा बाजार तहस-नहस हो गया। पूरे बाजार में डेढ़ से दो फीट पानी भर गया। व्यापारियों के कैरेट तैरने लगे। कुछ व्यापारियों ने सब्जी बहने की शिकायत भी की है। आक्रोशित व्यापारियों ने कलेक्टर से शिकायत की बात कही है। ज्ञातव्य है कि ओंकारेश्वर नगर परिषद प्रभारी सीएमओ संजय गुप्ता के जिम्मे है। शासन ने बागली नप के राजा यादव को यहां पदस्थ तो कर दिया है लेकिन उन्होंने पदभार ग्रहण नहीं किया। सीएमओ के अभाव में नगर परिषद के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। नालियों की सफाई तक नहीं की जा रही है।
ओंकारेश्वर साप्ताहिक बाजार में पानी भरने से व्यापारियों को भागना पड़ा।
सुदामानगर में मकान क्षतिग्रस्त
पुनासा | बुधवार दोपहर 3.30 बजे आए तूफान में नगर के सुदामानगर क्षेत्र में राजेंद्र गोलसार के घर पर नीम का बड़ा पेड़ गिर गया। उस समय घर में राजेंद्र की प|ी व दो बेटियां घर में ही थीं। उन्हें मामूली चोट लगी है। हादसे में घर में रखा टीवी और कुछ अन्य सामान्य क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा कालसन माता मंदिर और उत्कृष्ट स्कूल में भी पेड़ गिरे हैं।
होशंगाबाद हाईवे पर आंधी से गिरा पेड़
खंडवा | खंडवा-होशंगाबाद हाईवे पर भामगढ़ फाटे के पास शाम चार बजे तेज आंधी चलने से हाइवे पर पेड़ गिर गया। हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। करीब अाधे घंटे आवागमन बंद रहा। वाहनों को खेत के रास्ते से निकाला गया। राहगीर अय्यूब मंसूरी ने बताया कि शाम 6 बजे तक पेड़ को नहीं हटा। खेत से वाहनों को निकालने में चालक परेशान हुए। जाम की स्थिति बनी।
चलती बाइक पर गिरा पेड़, दो घायल, खंडवा रैफर
मूंदी | नगर से दोहद मार्ग पर बुधवार दोपहर आए तूफान के दौरान एक बाइक पर सूखा पेड़ गिर गया। घटना में दो युवक उमेश पिता अनिल गुप्ता (22) तथा जितेंद्र पिता रमेश सोनी (30) निवासी मूंदी घायल हो गए। जबकि बाइक चालक धर्मेंद्र पिता रमेशचंद्र सोनी बाल-बाल बच गया। दोनों घायलों को मूंदी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को खंडवा रैफर कर दिया गया। धर्मेंद्र ने बताया वे शिवरिया से एक ग्राहक से उधारी लेने जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
धूल भरी आंधी चली
बीड़ | गांव में दोपहर 3 बजे से ही तेज आंधी चली। पूरा गांव धूल की चपेट में आ गया। इस दौरान गांधी चौक पर एक पेड़ की डालियां गिर गई। बिजली के तार टूट गए। इस कारण शाम तक बिजली बंद रही। आधे घंटे तक कोई घर से बाहर नहीं निकल सका। कुछ देर हल्की बारिश भी हुई।