एक बाल्टी पानी की कीमत...
35 फीट गहरे कुएं में उतर गई युवती, चढ़ते समय रस्सा टूटा, 17 फीट ऊंचाई से गिरकर घायल, खटिया बांधकर निकाला
भास्कर संवाददाता | छैगांव माखन
ब्लाक मुख्यालय पर इतना भीषण जलसंकट है कि लोग पानी के लिए जान जोखिम में डालने पर विवश हैं। इंदिरा कॉलोनी की स्थिति सबसे विकट है। यहां के 300 परिवार सुबह से पानी के लिए भटकना शुरू कर देते हैं। कॉलोनी से लगी अनाज मंडी में कुआं है। हालांकि इसमें 24 घंटे में इतना भी पानी नहीं आता है कि बाल्टी डूब सके। लोग यही पानी निकालने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। शुक्रवार को कॉलोनी की कविता पिता छन्नू सुबह 11 बजे कुएं पर पानी लेने गई। एक कोने में थोड़ा सा पानी दिखा तो भरने के लिए वह 35 फीट गहरे कुएं में उतर गई। नीचे बर्तन में पानी भर रस्सी से बांध दिया ताकि ऊपर जाकर खींच सके। रस्सी के सहारे ऊपर चढ़ते हुए उसने आधी ऊंचाई ही पार की थी कि रस्सी टूट गई। वह खाली कुएं में जा गिरी। उसकी पीठ व पैरों में चोट आई है। ग्रामीणों ने कुएं में खटिया डालकर उसे बाहर निकाला। इलाज के लिए 108 एंबुलेंस को फोन लगाया लेकिन मुख्यालय पर उपलब्ध नहीं थी। एक घंटे बाद खंडवा से 108 एंबुलेंस आकर उसे जिला अस्पताल ले गई। इस दौरान कविता दर्द से तड़पती रही।