पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बोरियों से सोरन बंटोर रहे हम्माल ने नशे में किसान को पीटा, थाने पहुंचा मामला

बोरियों से सोरन बंटोर रहे हम्माल ने नशे में किसान को पीटा, थाने पहुंचा मामला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सोरन बंटाेरने से मना करने पर शराब के नशे में चूर हम्माल ने किसान के साथ बुरा बर्ताव किया। किसान शिकायत करने जाने लगा तो हम्माल उसके पीछे लकड़ी लेकर दौड़ा और मारपीट की। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हम्माल फरार हो गया। घटना के बाद करीब एक दर्जन किसान थाने पहुंचे और हम्माल सहित उसके दो साथियों की शिकायत दर्ज कराई।

घटना शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे की है। दुर्गेश पिता सुंदरलाल पटेल निवासी जसवाड़ी कृषि उपज मंडी में तुअर व सोयाबीन बेचने लाया था। नीलामी के पहले जब उसकी उपज प्लेटफार्म पर रखी थी तो कुछ हम्माल आए और बोरों को फाड़कर उपज गिराई फिर सोरन बंटाेरने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो हम्मालों ने उसे भला बुरा कहा। जब वह मंडी कार्यालय शिकायत करने जाने लगा तो एक हम्माल उसके पीछे लकड़ी लेकर दौड़ा और मारपीट की। मंडी समिति की सूचना पर डायल 100 मंडी पहुंची, लेकिन तब तक हम्माल व उसके साथी वहां से फरार हो गए। इसके बाद दुर्गेश व कुछ किसान पुलिस के साथ पदमनगर थाने पहुंचे और मारपीट व धमकी देने वाले हम्माल व उसके दो साथियों की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मनमानी कर निकालते हैं उपज

मंडी में सोरन बंटोरने की प्रथा बरसों पुरानी है। हम्माल से लेकर मंडी कर्मचारी व अफसर तक इसमें शामिल होते हैं। यहां एक मजदूर प्लेटफार्म पर रखे बोरों में पहले छेद कर उन्हें नीचे गिराता है फिर झाड़ू लगाकर सोरन बंटोर लेता है। यही नहीं मंडी में किसानों से हम्माली भी वसूली जाती है, जिसका कई बार किसानों ने विरोध भी किया, लेकिन मंडी समिति ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की।

मंडी में किसान की शिकायत सुनता पुलिसकर्मी।

और इधर, मोघट पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को बिगड़ने से रोका
नागचून में शराबियों ने किया पथराव, तीन लोग घायल हुए, चार पर प्रकरण दर्ज
खंडवा | शराब पीकर घर के सामने से निकलने पर मना किया तो शराबियों ने लोगों व उनके मकानों पर पथराव कर दिया। पथराव में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक पथराव करने वाले भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया और शिकायत पर करीब आधा दर्जन युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस के अनुसार ग्राम नागचून निवासी गणेश पिता मांगीलाल पटेल व मोहल्ले के कुछ लोग घर के बाहर बैठे थे। तभी वहां से गांव के ही प्रदीप, संदीप, विकास, ऋषि व उनके साथी पत्थर उछालकर हुड़दंग करने लगे। गणेश व क्षेत्रवासियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वे उन पर पथराव करने लगे। जान बचाकर घर में घुसे तो युवकों ने उनके घरों पर भी पत्थर फेंके। पथराव में गणेश व मोहल्ले के 2 युवक घायल हो गए। सूचना पर डायल 100 की टीम वहां पहुंची और पथराव करने वालों को खदेड़ा। गणेश ने पुलिस को बताया कि युवक हर रोज घर के सामने से निकल कर हुड़दंग मचाते हैं। गुरुवार रात मना करने पर इन्होंने हम पर पथराव कर दिया। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 336, 294, 323, 506, 190 के तहत प्रकरण दर्ज किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद गांव में पुलिस पहुंची तो युवक भाग निकले।

खबरें और भी हैं...