लिखित परीक्षा के लिए 1347 युवाओं का चयन, प्रवेश पत्र दिए
शहर के गुरु गोविंदसिंह स्टेडियम पर 10 दिन से चल रही सेना भर्ती के तहत शुक्रवार को भी युवाओं की मेडिकल जांच की गई। लिखित परीक्षा के लिए 1347 युवाओं का चयन किया गया है। शुक्रवार को उन्हें इसके लिए प्रवेश पत्र दिए गए। लिखित परीक्षा महू में 29 जुलाई को होना है। सेना भर्ती प्रक्रिया में इंदौर-उज्जैन संभाग के 15 जिलों के कुल 42700 युवाओं ने पंजीयन कराया था।
पूरी प्रक्रिया के तहत शारीरिक क्षमता की परीक्षा के बाद 2429 युवाओं का मेडिकल के लिए चयन किया गया। इनमें से 2148 का मेडिकल पहले ही किया जा चुका है। बाकी युवाओं की मेडिकल जांच शुक्रवार को की गई। सुबह से पांच डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। कई युवाओं की आंखों की रोशनी कम होने, पैर की नस दिखाई देने, कम सुनाई देने सहित अन्य कारणों से मेडिकल टेस्ट से बाहर हो गए।
सेना भर्ती: 29 जुलाई को महू में होना है लिखित परीक्षा
खंडवा जिले के 99 युवा मेडिकल, 48 का लिखित परीक्षा के लिए चयन
भर्ती प्रक्रिया में पंजीयन कराने वाले 42700 युवाओं में से 2202 युवा खंडवा जिले के थे। शामिल हुए 27861 युवाओं मेें से खंडवा के 1507 युवा थे। दौड़ पूरी करने वाले कुल 3773 युवाओं में से खंडवा के 162 युवाओं ने दौड़ पूरी की। 99 का मेडिकल और 48 का लिखित परीक्षा के लिए चयन किया गया।
लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र पाकर युवाओं ने खुशी जाहिर की।
कर्नल बोले- खंडवा का सहयोग अविस्मरणीय
शुक्रवार शाम पत्रकारों से चर्चा करते हुए सेना भर्ती बोर्ड के निदेशक कर्नल राजीव कुमार ने खंडवा में पूरी प्रक्रिया के दौरान खंडवा के सहयोग को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा पुलिस और जिला प्रशासन सहित नागरिकों का सहयोग हमेशा याद रहेगा। नागरिकों सहित संस्थाओं ने बाहर से आने वाले युवाओं के लिए भोजन सहित ठहरने की व्यवस्था की। यह सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया जिन युवाओं के पास एनसीसी के सर्टिफिकेट हैं, उन्हें 15 अंक दिए जाएंगे। इनमें ए सर्टिफिकेट वाले 41, बी वाले 13 और सी सर्टिफिकेट वाले चार युवा शामिल हैं।