दिव्यांग आश्रमों में लगेंगे सोलर पावर सिस्टम
कलेक्टर ने एनएचडीसी महाप्रबंधक को पत्र लिखकर व्यवस्थाएं करने के लिए कहा
भास्कर संवाददाता | खंडवा
शहर में दृष्टिहीन, मूकबधिर, दिव्यांग और वृद्धजनों काे सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने एनएचडीसी महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। इसमें अलग-अलग संस्थाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं करने का उल्लेख है।
एनएचडीसी के वरिष्ठ प्रबंधक शरद जयकर ने बताया कलेक्टर का प्रस्ताव मिला है। पत्र में बताया कि विभिन्न सामाजिक संस्थाएं दिव्यांगों के लिए काम कर रही हैं। आश्रमों में उपकरणों की आवश्यकता है। इसके लिए सीएसआर (सामाजिक दायित्व योजना) से सामग्री उपलब्ध कराएं। सीएसआर मद से संबंधित आश्रमों में काम कराने की सहमति एनएचडीसी से मिलने पर दिव्यांगों का जीवन स्तर बेहतर हो सकेगा। शहर के चार आश्रमों में 10-10 किलोवाट के सोलर उर्जा पावर सिस्टम लग जाएंगे। दृष्टि बाधितों को आवागमन के लिए छोटा वाहन मिल सकेगा।
स्वीकृति मिलने पर हो सकेंगे यह काम
निमाड़ नेत्रहीन संघ गणेश तलाई, आनंद सर्विस सोसायटी, सावित्रीबाई झंवर सेवा न्यास व वृद्धाश्रम राम नगर में 10-10 किलोवाट सोलर पावर सिस्टम लगाया जाए। सोलर ऊर्जा से सोलर गीजर, प्रशिक्षण के लिए हॉल 30 बाय 30, आवागमन के लिए वैन, भवन मरम्मत, स्नान गृह, शौचालय निर्माण, ट्यूबवेल खनन, फर्नीचर, पलंग, वाटर कूलर और अन्य बिजली उपकरण चलाए जा सकेंगे।