खंडवा | निगम परिसर में जारी नाला गैंग के कर्मचारियों का अनशन दूसरे दिन निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद खत्म हो गया। दो दिन से यहां गैंग के कर्मचारी लोकेंद्र नाथूराम बोयत और विजय छोटेलाल निदाने आमरण अनशन पर बैठे हुए थे। दोनों कर्मचारियों को ज्यूस पिलाकर अनशन खत्म कराया। कर्मचारी लोकेंद्र के स्वास्थ्य में गिरावट आने पर गुरुवार शाम को कर्मचारी निगम आयुक्त जेजे जोशी से मिले थे। इस दौरान आयुक्त ने एक महीने में कर्मचारियों की विनियमितिकरण की मांग का निराकरण कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा एमआईसी में पहले ही प्रस्ताव लिया जा चुका है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन विकास विभाग में चर्चा कर कर्मचारियों की मांग का निराकरण किया जाएगा। आयुक्त के आश्वासन पर कर्मचारियों ने अनशन समाप्त कर दिया। इस अवसर पर इंदल पहलवान नरवाले, छोटेलाल भगत, करण बिवाल, पार्षद निलेश निदाने, सुनील जैन, एल्डरमैन दिनेश माली, संतोष सारसर, प्रभारी स्वास्थ्य शाहीन खान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।