सीईओ वरदमूर्ति मिश्र को प्रभार देकर भोपाल गए अभिषेक सिंह
भास्कर संवाददाता | खंडवा
नए कलेक्टर विशेष गढ़पाले के अगले सप्ताह तक आने की संभावना है। वे बात कम, काम ज्यादा करने में भरोसा रखते हैं। लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों को नहीं बख्शते। सीधे कार्रवाई करते हैं। कलेक्टर गढ़पाले ने बताया कि वे प्लानिंग कर रहे हैं, जल्दी ही खंडवा आकर ज्वाइन करेंगे। कब ज्वाइन करेंगे अभी तय नहीं हुआ है।
कलेक्टर गढ़पाले ज्यादातर समय काम करते ही नजर आने वाले आईएएस में जाने जाते हैं। कटनी में कलेक्टर रहते हुए लापरवाह कर्मचारियों, अधिकारियों पर खूब कार्रवाई की है। काम करने वालों का हर स्तर पर सहयोग करते हैं। केवल काम चाहते हैं। कम्प्यूटर इंजीनियर होने के नाते टेक्नोफ्रेंडली हैं। काम को बेहतर करने में तकनीक का उपयोग भी खूब करते हैं। कटनी में रहते हुए कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी से अटेंडेंस एंड टूर मॉनीटरिंग एप व पोर्टल तैयार कराया है। यह प्रदेश में कई जिलों में सफलता से चल रहा है।
फिलहाल सीईओ वरदमूर्ति के पास रहेगा प्रभार
कलेक्टर गढ़पाले के आने तक प्रभार सीईओ डॉ. वरदमूर्ति मिश्र प्रभार देखेंगे। कलेक्टर अभिषेक सिंह गुरुवार सुबह प्रभार देकर भोपाल गए हैं। इनके जाने से पहले कलेक्टोरेट में कर्मचारियों ने कलेक्टर अभिषेक सिंह को विदाई दी गई। करीब 9.30 बजे कलेक्टोरेट सभागार में हुए विदाई समारोह में अभिषेक सिंह ने यहां किए काम के अनुभव बताए। कर्मचारियों को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया।