खंडवा | माताजी आपके दो बेटे और एक बेटी है, आपके पति को लकवा लग गया है। लगता है आपके घर की शांति करना होगा, आप गले में पहने जेवरात निकालो और बैग में रखकर अगरबत्ती ले आओ मैं शुद्धी करूंगा तब पहनना। वृद्धा अगरबत्ती लाती इसके पहले ही दो बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया।
घटना कोतवाली थानांतर्गत बांबे बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की है। बसंतीबाई पति बंशी सुनगत (65) निवासी गांधीनगर ने बताया 16 मई को पति के साथ बैंक से 30 हजार रुपए निकालने गई थी। रुपए एक बैग में रखकर वे बाहर निकले ही थे कि बाहर खड़े दो युवकों में एक उनके पास आया और आंखाें के डॉक्टर का पता पूछा। बातों-बातों में उसने हमारे घर के सदस्यों की संख्या व पति की बीमारी के बारे में बताया। उसने कहा आपके घर की शांति करनी होगी। आप गले में पहनी सोने की चेन बैग में डाल लो। वह भी उसकी बातों में आ गई और वैसा ही किया। उसने अगरबत्ती लाने को कहा तो वह बैग युवक को देकर पास की दुकान में चली गई वापस लौटी तो दोनों गायब थे।