पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रेल से आए यात्री ऑटो से नया बस स्टैंड पहुंचे, बस नहीं मिली तो निराश लौटे

रेल से आए यात्री ऑटो से नया बस स्टैंड पहुंचे, बस नहीं मिली तो निराश लौटे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्री गणेश गोशाला के पास बने नए बस स्टैंड से शनिवार को एक भी बस नहीं चली। 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बने इस बस स्टैंड का लोकार्पण एक दिन पहले जिले के प्रभारी और उर्जा मंत्री पारस जैन ने किया। शनिवार से यहां बसों का संचालन शुरू होना था। ट्रेन से आए यात्रियों को इंदौर की यात्रा के लिए कुछ ऑटो चालक सीधे नया बस स्टैंड छोड़ आए। ऑटो का किराया देने के बाद टिकट खिड़की पर कोई नहीं मिला। नए बस स्टैंड पर बस नहीं मिली तो लोग निराश होकर लौट गए। दिनभर यहां सन्नाटा रहा। वहीं पुराने बस स्टैंड पर रोज की तरह अस्त-व्यस्त यातायात रहा। लोगों की भीड़ रही। बस संचालकों ने नए स्टैंड से बस संचालन करने से मना कर दिया। उनका कहना है किसी तरह का आदेश उन्हें नहीं मिला। प्रशासन जबरदस्ती करेगा तो हड़ताल करेंगे। बसें नहीं चलाएंगे।

सब स्टैंड के रूप में संचालित हो नया बस स्टैंड - निमाड़ परिक्षेत्रीय चालक-परिचालक कल्याण समिति ने माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड का स्थानांतरण नहीं करने की मांग की। असलम खान ने बताया इस संबंध में कलेक्टर सहित अन्य अफसरों को ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें बस स्टैंड का मामला उच्च न्यायालय जबलपुर में विचाराधीन होने की बात कही। न्यायालय में अफसरों ने सब स्टैंड के रूप में केवल दो मिनट का स्टाप रखने की बात कही थी। बलपूर्वक स्थानांतरण करने पर आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन में दी है।

सुबह यात्री पहुंचे तो टिकट खिड़की पर कोई नहीं मिला, कुछ युवा रोजगार की आस में शेड में खड़े रहे

श्री गणेश गोशाला के पास बने नए बस स्टैंड पर दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।

इस तरह हुई यात्रियों को समस्या

जबलपुर से आए नरेश लालवानी ने कहा इंदौर जाना है। ट्रेन से उतरने पर ऑटो वाला यहां ले आया। 50 रुपए उसे किराया था। यहां तो बस नहीं है। बहुत समस्या हुई। लोगों ने उसे गोशाला चौराहे से बस मिलने की बात कही है, वहीं पैदल जा रहा हूं।

पदमकुंड रोड के युवक हर्षल और सचिन आह्वाड़ ने कहा इंदौर जाना है, आज से बस स्टैंड चालू होना था इसलिए यहां आए। बस नहीं है वापस बस स्टैंड जाएंगे।

महिला प्रीति और अंजू चांगरे ने कहा पास ही में घर है। धनगांव जाना है इसलिए बस स्टैंड पर आए। अब चौराहे तक और जाना पड़ेगा।

पंडित माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड से ही बसों का संचालन शनिवार को हुआ।

जहां से परमिट मिला वहीं से बस चलाएंगे

बस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद वर्मा ने बताया नए बस स्टैंड से बस संचालन की किसी तरह की सूचना नहीं है। सुबह नरेंद्र नाम के यातायात जवान ने लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। पांच साल का परमिट माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड से मिला है। यहीं से बस चलाएंगे। बस संचालक रणवीर सिंह तंवर ने बताया बाइक अधिक बिकने से 25 प्रतिशत यात्री कम हो गए। वैसे ही धंधा नहीं हो रहा। डीजल के भाव बढ़ गए। जबरदस्ती की तो हड़ताल करेंगे। रमणदीप भाटिया ने कहा नए बस स्टैंड पर सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। एजेंटी के लिए लोगों के फोन आ रहे है। जातिवाद की बात कर रहे हैं। इससे विवाद होंगे।

प्रीति चांगरे और अंजु चांगरे नए बस स्टैंड पर धनगांव जाने के लिए पहुंची। बस नहीं मिली।

लगा दी कर्मचारियों की ड्यूटी

कल व्यवस्था नहीं थी, इसलिए पंखे निकाल लिए थे। आज लगवा दिए हैं, कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी है। बस संचालन को लेकर कल विभागीय अफसरों से चर्चा करेंगे। जेजे जोशी, निगम आयुक्त

योजना बनाकर शुरू करेंगे बसें

यातायात प्रभारी के साथ कार्य योजना बनाकर बस संचालन शुरू करेंगे। बस संचालकों का सहयोग लेंगे। सभी को विधिवत पत्र दिया है। जगदीश बिल्लौरे, एआरटीओ

हम सख्ती नहीं करना चाहते

कोई समस्या नहीं, एक दो दिन बाद नया बस स्टैंड चालू हो जाएगा। हम सख्ती नहीं करना चाहते। वहां सुरक्षा मिलेगी। सब व्यवस्था हो जाएगी। संतोष कौल, ट्रैफिक डीएसपी

खबरें और भी हैं...