पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • प्याज के भाव को लेकर हंगामा, एसडीएम ने व्यापारियों से कहा 2 रुपए से बोली शुरू करें

प्याज के भाव को लेकर हंगामा, एसडीएम ने व्यापारियों से कहा- 2 रुपए से बोली शुरू करें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंधाना. हंगामे के बाद एसडीएम उषा सिंह ने मंडी पहुंचकर व्यापारियों से बात की।

भास्कर संवाददाता | पंधाना

मंडी में व्यापारियों द्वारा प्याज की कम बोली से नाराज किसानों ने शनिवार को फिर हंगामा कर दिया। मंडी कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर एसडीएम उषा सिंह, तहसीलदार एसआर गोलकर व टीआई आरएस मालवीय मंडी पहुंचे। किसानों की समस्या सुनी। एसडीएम ने व्यापारियों को बुलाकर प्याज की बोली 2 रुपए से शुरू करने के निर्देश दिए। किसानों का आरोप था कि व्यापारी प्याज ही नहीं भावांतर की हर उपज का दाम बहुत कम लगाते हैं। इससे सरकार को भाव के अंतर का ज्यादा भुगतान करना पड़ता है।

शनिवार ने व्यापारियों ने मात्र 1 रुपए किलो से प्याज की बोली शुरू की। सबसे अच्छे प्याज का भाव 3 रुपए बोला गया। इससे किसान नाराज हो गए। मंडी कार्यालय में हंगामा करने लगे। इसके बाद एसडीएम, तहसीलदार व टीआई को मंडी आना पड़ा। किसानों ने कहा तीन दिन से मंडी में पड़े हैं। जितने की बोली लग रही है उससे अधिक तो हमारा खर्च हो गया है। एक-दो रुपए किलो के भाव से बेचने पर भावांतर का पूरा मूल्य भी नहीं मिल सकेगा। इसे लेकर असमंजस की स्थिति है।

2-3 रुपए में तो लागत भी नहीं निकलेगी

मूंदी | मूंदी के किसान दरियाव पिता मांगीलाल ने बताया मैंने डेढ़ एकड़ में प्याज लगाया था। चार माह बाद करीब 100 क्विंटल प्याज हुआ है। खाद, बीज, दवाई, निकलवाई सहित करीब 40 से 45 हजार रुपए खर्च किए। खंडवा मंडी ले जाने का भाड़ा अलग से लगेगा। 2-3 रुपए किलो बिका भी तो इसमें लागत भी नहीं निकल रही है।

किसानों व सरकार का मजाक उड़ा रहे व्यापारी

सिंगोट | प्याज के दामों को लेकर क्षेत्र के किसान परेशान हैं। कुमठा के किसान सावन पाटीदार ने बताया 10 एकड़ में प्याज लगाया है। सरकार ने 8 से 10 रुपए किलो मूल्य तय किया है। कुछ दिन पहले तक खेत से 6 से 7 रुपए किलो खरीदी करने वाले व्यापारी भावांतर योजना शुरू होते ही 2 रुपए को किलो की बोली लगा रहे हैं। वे खुले रूप से किसानों और सरकार का मजाक उड़ा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...