बाइक तेज चलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, चार घायल
खन्ना| शहर के आनंद नगर इलाके में बाइक तेज चलाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गए। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन पहले पक्ष की सुनीता ने कहा कि उनकी गली में रहते अमरिंदर सिंह व धरमिंदर सिंह दोनों भाई तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं। उसका मासूम बेटा गली में खेलता होता है। रविवार को जब धरमिंदर तेज रफ्तार बाइक लेकर निकला, तो उसके विरोध करने पर उन्होंने उसे बुरी तरह पीटा और कपड़े फाड़ दिए। बीच बचाव करने आए उसके भाई तिलक राज और गली में रहते बख्शीश सिंह को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। घायलावस्था में दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरे पक्ष के अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह गली में आ रहा था तो पहले पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर पीटा। वह बचाव करके घर गया तो उसे घर में आकर राड से हमला करके घायल किया गया। बीचबचाव में उसके भाई धरमिंदर सिंह को भी घायल कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी।