खन्ना| शहर के फोक्ल प्वाइंट इलाके में सोमवार को संजय साल्वेक्स प्लांट में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग बंद प्लांट में लगी थी। जिसे फायर ब्रिगेड की टीमों ने समय रहते काबू कर लिया। जहां पर आग लगी वहां पास के प्लांट में भारी मात्रा में आयल था, जिसे आग लगने से फोक्ल पाइंट में तबाही मच सकती थी। जानकारी के अनुसार संजय साल्वेक्स के एक बंद प्लांट में कटिंग का काम चल रहा था तो चिंगारी तेल पर जा गिरी। जिससे आग के गोले काफी ऊंचाई तक गए। सूचना मिलते ही फायर अफसर यशपाल गोमी अपनी टीम समेत दो दमकल गाड़ियां लेकर पहुंचे और आग को कंट्रोल किया गया। उधर, एसएसपी नवजोत सिंह माहल और नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता भी मौके पर पहुंच गए थे। जिन्होंने बड़ा हादसा टालने पर फायर अफसर यशपाल गोमी समेत उनकी टीम की सराहना की। बता दें कि कुछ साल पहले फोक्ल प्वाइंट में एक साल्वेक्स में आग लगने से भारी तबाही मची थी। इस हादसे में जहां कई मजदूरों की मौत हो गई थी, वहीं भारी माली नुकसान भी हुआ था।