पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • विधायक और कौंसिल प्रधान पर भेदभाव का आरोप, धरने पर बैठे वॉर्ड 18 के लोग

विधायक और कौंसिल प्रधान पर भेदभाव का आरोप, धरने पर बैठे वॉर्ड 18 के लोग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विधायक गुरकीरत सिंह कोटली और नगर कौंसिल अध्यक्ष विकास मेहता पर विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए वॉर्ड 18 से आजाद कौंसलर पाल सिंह वॉर्ड के लोगों को साथ लेकर कौंसिल पहुंचे और मेन गेट पर धरना लगाकर नारेबाजी की गई। कौंसलर पाल सिंह ने साफ तौर पर कहा कि वे शमशेर सिंह दूलो के समर्थक हैं और एमएलए कोटली के दूलो से मतभेद हैं। इसी रंजिश में एमएलए कोटली और नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता उनसे भेदभाव कर रहे हैं। उनके वार्ड में गंदे पानी की निकासी का प्रबंध नहीं है। सड़कें टूटी हैं। गलियां नहीं बनाई जा रही हैं। मेन रोड का इतना बुरा हाल है कि जरा सी बारिश पर कीचड़ फैल जाता है। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल बना हुआ है। पाल सिंह के अनुसार एमएलए के कई करीबी उन्हें बोल चुके हैं कि अगर वार्ड के काम कराने हैं, तो एमएलए के पांव छूकर गलती मान लो। इसलिए मजबूरन आज उन्हें धरना देना पड़ा। वे अपने वार्ड के लोगों के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। विकास के नाम पर भेदभाव रोकने के लिए भूख हड़ताल भी की जाएगी। इस दौरान धरने में पहुंची महिलाओं ने कौंसिल के खिलाफ खूब नारेबाजी करते हुए कहा कि एसी कमरों में बैठने वाले अफसर एक सप्ताह उनके वार्ड में रहकर देखें, खुद पता चल जाएगा कि वहां के लोग इस कदर नरक भोग रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने वार्ड के अधूरे विकास कार्यों की सूची समेत एक मेमोरंडम ईओ रणबीर सिंह को सौंपा।

वॉर्ड 18 से आजाद कौंसलर पाल सिंह वॉर्ड के लोगों को साथ लेकर कौंसिल पहुंचे और मेन गेट पर धरना लगा प्रधान और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।

शहर में बिना भेदभाव के हो रहा विकास : विधायक

एमएलए गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि पार्षद पाल सिंह आजाद पार्षद हैं, कांग्रेस के केंडिडेट को हराकर वह जीते थे। भेदभाव की बात सरासर गलत है। शहर में बिना किसी भेदभाव से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उनके लिए पूरे शहर में विकास करवाना प्राथमिकता है।

1 करोड़ 85 लाख के काम हो चुके हैं : मेहता

नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता ने कहा कि अकेले वार्ड नंबर 18 में अब तक 1 करोड़ 85 लाख रुपए के काम हो चुके हैं। विकास के नाम पर कभी किसी से भेदभाव नहीं किया गया। सड़क निर्माण का जो मुद्दा कौंसलर उठा रहे हैं, उसकी कभी डिमांड नहीं की गई। जो भी काम रहते हैं, वो जल्द करवा दिए जाएंगे।



खबरें और भी हैं...