गाली गलौच करने से रोका तो केबल ऑपरेटर को पीटा
खन्ना| नई आबादी क्षेत्र में एक केबल आपरेटर ने कुछ लोगों को किराएदार से गालीगलौच करने से रोका तो उन लोगों ने उसको ही पीट दिया। घायल परमजीत को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने परमजीत के बयानों पर आदिल, साहिल और एक अन्य पर मामला दर्ज किया है। खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। पुलिस को दी शिकायत में परमजीत ने बताया कि नई आबादी में दोपहर को वह जब वह अपने बच्चों समेत मौजूद था तो उसके घर के पास कुछ लोग अपने किराएदार से गालीगलौच कर रहे थे। शोर होने पर जैसे ही वह घटनास्थल पर पहुंचा तो उक्त लोग उसके पीछे पड़ गए। उसने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। कुछ समय बाद उसे फोन कर बातचीत के बुलाया गया तो वह बातचीत करने रास्ते में ही था कि इतने में कार सवार तीन युवकों ने उसपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।