पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • अधिकारियों की टीम पहुंची, नालों पर कब्जे हटाने की प्लानिंग शुरू

अधिकारियों की टीम पहुंची, नालों पर कब्जे हटाने की प्लानिंग शुरू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खानपुर में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कस्बे की दुर्दशा पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाराजगी जताने के बाद स्थानीय प्रशासन जाग गया। अधिकारियों ने कस्बे की सुध लेनी शुरू कर दी है।

शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम कस्बे में पहुंची और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के बारे में जानकारी ली। कस्बे में छोटे-बड़े नाले व नालियों में पंचायत प्रशासन द्वारा समय-समय पर रखरखाव नहीं किए जाने से गंदगी से अटे पड़े हैं। नालों पर प्रभावशाली लोगों ने अतिक्रमण कर रखे हैं। अधिकारियों की टीम ने कस्बे की इसी स्थिति को देखा और अतिक्रमणों को चिह्नित किया। इस मामले को लेकर पंचायत समिति कार्यालय पर राजस्थान हाईवे प्रोजेक्ट अधिकारी एसबी राय, इंजीनियर केके गर्ग, पीडब्ल्यूडी के एसई आर एस झंवर, प्रोजेक्टर डायरेक्टर अनिल जैन, खानपुर सार्वजनिक निर्माण विभाग एक्सईएन ए के साहू, एईएन एएच अग्रवाल यहां पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कस्बे के छोटे बड़े नालों पर हो रहे कब्जों पर अतिक्रमियों को नोटिस दिए जाएंगे। कस्बे के बीचों बीच स्थित रूपली नदी का स्वरूप सुधारने को लेकर तहसीलदार शिवदयाल वर्मा से चर्चा की और नदी में गंदगी डालने वालों को रोकने सहित कार्रवाई करने की बात कही। सरपंच ललित राठोर से शुक्रवार को कस्बे की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी ली। तथा सफाई की गति बढ़ाते हुए कस्बे को स्वच्छ व सुंदर बनाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम डा. भास्कर विश्नोई, तहसीलदार शिवदयाल वर्मा, बीडीओ गौतम गायकवाड़ आदि मौजूद रहे।

पंचायत कोरम की आवश्यक बैठक: पंचायत समिति के सभागार में बीडीओ गौतम गायकवाड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्डों की सफाई व्यवस्था को लेकर सरपंच व वार्ड पंचों से चर्चा की गई। बैठक में सभी वार्डों में वार्ड पंचों को प्रभारी बनाकर स्वच्छ व सुंदर बनाए जाने को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई। सफाई को लेकर प्रशासन ने सहयोग का आश्वासन दिया।

खानपुर. कस्बे में ड्रेनेज सिस्टम सुधार को लेकर चर्चा करते अधिकारी।

खबरें और भी हैं...