पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • सवा 4 साल में झालावाड़ में 16 हजार 923 करोड़ के विकास कार्य: मुख्यमंत्री

सवा 4 साल में झालावाड़ में 16 हजार 923 करोड़ के विकास कार्य: मुख्यमंत्री

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | खानपुर/झालावाड़

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पिछले सवा चार साल में झालावाड़ जिले में 16 हजार 923 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए। जिनमें 1504 करोड़ रुपए सड़कों के विकास पर, 534 करोड़ पेयजल पर, 2157 करोड़ रुपए सिंचाई परियोजनाओं और 4284 करोड़ रुपए बिजली पर व्यय किए गए।

इस दौरान खानपुर क्षेत्र में 4819 करोड़ रुपए के विकास कार्य मंजूर किए गए हैं। जिनमें सड़कों के विकास पर 370 करोड़ रुपए, सिंचाई परियोजनाओं पर 1525 करोड़, पेयजल पर 25 करोड़ रुपए, बिजली पर 73 करोड़, ग्रामीण गौरव पथों पर 19 करोड़ रुपए शामिल हैं। वे मंगलवार को खानपुर में जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधन दे रही थी। मुख्यमंत्री ने शुभशक्ति योजना, राजश्री योजना, पालनहार योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चैक -स्वीकृति पत्र दिए। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटाॅप एवं दिव्यांगों को उपकरण भी वितरित किए। क्षेत्रवासियों ने बकानी को तहसील बनाने, खानपुर में नए कॉलेज, परवन परियोजना का काम शुरू करने, नहर निर्माण के लिए 3100 करोड़ रुपए का कार्यादेश जारी करने, बेहतरीन सड़कें बनाने और विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

झालावाड़. जनसंवाद कार्यक्रम में मंचासीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह व अन्य।

भावुक हुए लाभार्थी, बोले-आभार के शब्द नहीं: मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में लाभान्वित परिवार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के कारण उनके परिजन को अच्छे अस्पतालों में निशुल्क इलाज मिल पाया। वे स्वस्थ जीवन जी पा रहे हैं। मुख्यमंत्री का आभार जताने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थी किशनपुरा के भैरुलाल, खानपुर की मोतीबाई और दिव्या, दोबड़ा की शिवानी, पीपलाज की अंतिमा सहित अन्य लाभार्थियों से हालचाल जाने और योजना का फीडबैक भी लिया। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत दिल के छेद का सफल आॅपरेशन कराने वाले दिनेश, सांवरा, धीरज, नमन सहित अन्य बच्चों से बात की।

लंबित कृषि कनेक्शन जल्द जारी करें

सीएम ने जनसंवाद के दौरान डिस्कॉम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के लंबित कृषि कनेक्शनों का निस्तारण बारिश से पहले करें, ताकि किसानों को इसका लाभ समय पर मिल सके। मुख्यमंत्री को जब लोगों ने क्षेत्र में ब्लड स्टोरेज यूनिट बंद होने की जानकारी दी तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शीघ्र संसाधन दिलवाकर इस यूनिट को पुनः चालू करें।

बालक गुलदस्ता देने पहुंचा, सीएम ने दी टॉफी

लडानिया गांव के बालक दिनेश ने सीएम को गुलदस्ता भेंटकर अपना इलाज करवाने के लिए शुक्रिया अदा किया तो सीएम इससे काफी खुश हुईं। उन्होंने दिनेश को चॉकलेट देकर दुलार दिया। दिनेश के दिल में छेद था, लेकिन साढ़े 4 लाख रुपए से उसका निशुल्क इलाज हुआ है। उसके तीन ऑपरेशन हुए। इसी पर वह सीएम को धन्यवाद देने पहुंचा था।

खबरें और भी हैं...