खानपुर. स्मार्ट सिटी को लेकर सड़क की नपाई करते अधिकारी।
भास्कर न्यूज | खानपुर
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा खानपुर की तस्वीर बदलने को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश पर कवायद शुरू हो गई है। तहसीलदार शिवदयाल वर्मा ने अपनी कमेटी के सदस्यों के साथ शनिवार को झालावाड़ मार्ग पर सड़कों के दोनों और हो रहे अतिक्रमण को लेकर नाप-तौल शुरू किया।
पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर अधिशासी अभियंता एके साहू से विभाग की सड़कों के प्रमुख मार्गों को लेकर चर्चा कर कार्ययोजना बनाई। इधर शनिवार को पंचायत समिति कार्यालय पर एसडीएम डॉ. भास्कर विश्नोई ने कस्बे के मार्गो नालों व नालियों और सड़क के दोनों और हो रहे अतिक्रमण को लेकर तहसीलदार की अध्यक्षता में संयुक्त दल कमेटी का गठन किया। उन्होंने बताया कि झालावाड़ मार्ग, सारोला मार्ग, अटरू मार्ग, बारां मार्ग व कस्बे के मुख्य मार्ग व मेगा हाइवे पर हो रहे अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाएगा। इसमें पीडब्ल्यूडी एईएन हजारीलाल अग्रवाल, जेईएन शिप्रा सिंह, पंचायत प्रसार अधिकारी रामलक्ष्मण मेघवाल, रामबिलास मीणा, पटवारी अकील हुसैन, कंवल्दा पटवारी दिनेश गुर्जर सूमर पटवारी अखलेश नागर को बनाया है। इधर कस्बे में खानपुर को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को लेकर कस्बे में चर्चा हो रही है।