पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जंगल में बकरी चराने गए बच्चों को दिखा तेंदुआ, मौके पर पहुंचे सरपंच पति पर किया हमला

जंगल में बकरी चराने गए बच्चों को दिखा तेंदुआ, मौके पर पहुंचे सरपंच पति पर किया हमला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला मुख्यालय से 70 किमी दूर सिरवेल वनपरिक्षेत्र के ग्राम सातपाटी में शनिवार सुबह 10 बजे तेंदुए ने सरपंच पति पर हमला कर दिया। उसे गंभीरावस्था में जिला अस्पताल लाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक जंगल में बच्चे बकरी चराने गए थे। उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने गांव में सूचना दी। ग्रामीणों के साथ सरपंच पति भी तेंदुआ देखने गया था।

प्रत्यक्षदर्शी बाटा पिता डेम्या ने बताया कि गांव के चार बच्चों को तेंदुआ दिखाई दिया। बच्चे जान बचाकर भागे और गांव में सूचना दी। सरपंच शीतलीबाई के पति ज्ञानसिंह पिता गेंदिया सहित ग्रामीण जंगल गए। यहां तेंदुए से सामना हो गया। तेंदुआ ने ग्रामीणों का पीछा किया। हम दौड़ने लगे। अचानक ज्ञानसिंह गिर गया। तेंदुए ने उसे दबोच लिया और बाएं पैर की जांघ में हमला कर दिया। ग्रामीणों ने वाचडू-वाचडू (बचाओ-बचाओ) का शोर मचाया और पत्थर मारकर तेंदुए को भगाया। तेंदुए ने ज्ञानसिंह की जांघ में नौ दांत गड़ा दिए। उसे साथी पांड्या पिता कान्हा, मुन्ना भीलू, सरदार डेबा, चंवर डेबा जिला अस्पताल लाए।

सिर्फ 800 मीटर में तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण
सातपाटी वन ग्राम है। गांव से करीब 800 मीटर की दूरी पर ही तेंदुआ निकला और हमला भी कर दिया। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। वे घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। वन विभाग ने एक टीम जंगल पहुंचा दी है। तेंदुए की लोकेशन पता कर उसे पकड़ेंगे। घायल को 500 रुपए सहायता दी जाएगी। इलाज विभाग करवाएगा।

तेंदुए के हमले में घायल सरपंच पति ज्ञानसिंह।

ज्ञानसिंह बोला- सोचा, अब तो मैं गया
ज्ञानसिंह ने बताया- जैसे ही तेंदुए ने हमला किया मुझे लगा अब तो मौत हो गई। साथियों ने चिल्लाकर और पत्थर मारकर मेरी जान बचाई।

इसलिए आ रहे तेंदुए
पानी की तलाश में तेंदुए गांवों की ओर आ रहे हैं।

सातपाटी वन ग्राम है, गांव जंगल में ही बसा है।

तेंदुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

टीम अभियान चलाकर पकड़ेगी तेंदुआ
तेंदुए को पकड़कर उसे अन्य जगह छोड़ा जाएगा। घायल को सहायता राशि देकर उसका उपचार कराएंगे। सातपाटी वनग्राम है, उस क्षेत्र में तेंदुआ आ सकता है। - अशोक कुमार सोलंकी, संयुक्त वन मंडल अधिकारी खरगोन।

इधर.. ट्रैक्टर-ट्रॉली कुएं में गिरी, दबने से युवक की मौत, 4 ने कूदकर बचाई जान
बिस्टान क्षेत्र के मोगरगांव की घटना, जिला अस्पताल में भर्ती

भास्कर संवाददाता | खरगोन

जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर बिस्टान क्षेत्र के मोगरगांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली कुएं में गिर गई। दबने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से कूदने में चार मजदूर युवक घायल हो गए। चारों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को शाम 5 बजे कमल नरसिंह (16), सुखराम भूरला (17), वीरेंद्र (16), सरदार बबन, सोनू लाडू ट्रैक्टर-ट्रॉली से सुनील के खेत में खाद डालने गए थे। खाद डालने के बाद तेज गति से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हुई। इसमें कमल, नरसिंह, सुखराम, सरदार चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से कूद गए। जबकि सोनू ट्रॉली से कूद नहीं पाया और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कुएं में जा गिरा। दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण घायलों को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां इलाज जारी है।

इधर... छांव में बैठा युवक कुएं में गिरा
भीकनगांव के पिपल्या में शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे छांव में बैठने में युवक दिनेश रामदास कुएं में गिर गया। उसे गंभीरावस्था मे जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया युवक की कमर टूट गई है। उसकी पीठ में भी चोट है। इसी तरह खरगोन के घोट्या में शुक्रवार शाम 6 बजे रामचंद्र राधू (22) छत से गिर गया। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया।

मृतक सोनू

जिला अस्पताल में भर्ती कमल को पानी पिलाते हुए परिजन।

खबरें और भी हैं...