पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 14 मोहल्लों में ढाई माह से मिल रहा 4 से 6 दिन में पानी, नपा ऑफिस का किया घेराव

14 मोहल्लों में ढाई माह से मिल रहा 4 से 6 दिन में पानी, नपा ऑफिस का किया घेराव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुस्साए लोगों को जल प्रभारी सरजू सांगले ने समझाइश दी, इससे हद तक मामला शांत हुआ।

जल प्रभारी ने कहा- एक दिन छोड़ कर रहे सप्लाय

भास्कर संवाददाता | खरगोन

शहर के चार वार्डों के पार्षद और रहवासियों ने शुक्रवार को पेयजल समस्या को लेकर नपा कार्यालय का घेराव किया। सीएमओ निशिकांत शुक्ला के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने आरोप लगाया कि रमजान माह चल रहा है और मुस्लिम बहुल वार्डों के साथ भेदभाव हो रहा है।

4 वार्डों के 14 मोहल्लों में 4 से 6 दिन में पानी सप्लाय हो रहा है। ढाई महीने से यह स्थिति बनी हुई है। अफसर समस्या हल करने की बजाय पर्दा डाल रहे हैं। 15 मिनट तक नारेबाजी चली। सीएमओ ने आकर ज्ञापन लिया। उसके बाद फिलहाल मामला शांत हुआ। कांग्रेस प्रवक्ता या सीर पठान ने बताया शुक्रवार को पानी की समस्या को लेकर वार्ड 26 के पार्षद सलीम सदर, 25 की जुलेखा बी, 24 की कांता सोनी और वार्ड 27 के अल्ताफ आजाद सीएमओ निशिकांत शुक्ला से मिलने पहुंचे। सलीम सदर ने कहा इस दौरान सीएमओ ने अभद्रता करते हुए कहा कि मेरे खिलाफ कार्रवाई कर दो। यह बात हमें ठीक नहीं लगी। सीएमओ ने भी भेदभाव के आरोपों को गलत बताया। जल प्रभारी सरजू सांगले ने शांत कराया। बाद में उन्होंने कहा बैराज में पर्याप्त पानी है। बराबर पानी बांट रहे हैं। गर्मी में दिक्कत आई है। कम प्रेशर के कारण समस्या है तो उसे दिखावा लेंगे।

रमजान में मुस्लिम वार्डों में आ रही परेशानी पार्षदों ने बताई

वार्ड-24 : लोगों की ही शिकायत लेकर पहुंचे हम

प्रभावित क्षेत्र : संजय नगर, हुसैनी चौक, पत्थर गली, बिलाल चौक और पटेल आवार

पार्षद कांता सोनी ने बताया चार से पांच दिन में एक बार नलों से पानी सप्लाय होता है। इसमें भी सीवर लाइन का गंदा पानी मिल रहा है। पानी पीने लायक नहीं होता है। वार्डवासी रहुफ जमादार, इंदू यादव, लक्ष्मी बाई और पूजा ने हमसे शिकायत की तो मैं सीएमओ के पास आई थी।

वार्ड-25: 6-7 दिन में एक बार सप्लाय

प्रभावित क्षेत्र : राजेंद्रनगर, संजय नगर का हिस्सा, गुलशन नगर और न्यू आजाद नगर

पार्षद जुलेखा बी ने बताया 6 से 7 दिनों में एक बार पानी सप्लाय किया जाता है। वार्डवासी हमसे सवाल पूछते हैं, इसलिए हम सीएमओ के पास आए तो उन्होंने हम से अभद्रता की, कहते हैं कि मेरे खिलाफ कार्रवाई कर दो। मेरे 10 कान नहीं है एक ही आदमी बोलो। हम समस्या अफसरों को नहीं बताएंगे तो फिर किसे बताएंगे।

वार्ड-26: 6 दिन में एक बार सप्लाय, टैंकर भेजते नहीं

प्रभावित क्षेत्र : आजाद नगर, अमन नगर और दशहरा मैदान

पार्षद सलीम सदर ने बताया ढाई माह से सीएमओ आश्वान दे रहे हैं। 4 तो कभी 6 दिनों में पानी मिलता है। फजलू शेख, शाहीद खान, नीलोफर बी व नाजिम किंग ने बताया पानी को लेकर बहुत समस्या है। संकट को टेंकरों से सप्लाय कर टाला जा सकता है।

वार्ड-27 : 6 दिन में सप्लाय वो भी 15-20 मिनट

प्रभावित क्षेत्र : न्यू काजीपुरा, अमननगर का हिस्सा, हड़कई जीन और काजीपुरा

पार्षद अल्ताफ आजाद ने कहा 77 दिनों से हमारे वार्ड में छह दिन बाद पानी सप्लाय हो रहा है। हमें लोगांे के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। नपा के अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं। 15 से 20 मिनट पानी मिलने से पूर्ति नहीं हो पाती है।

वार्डों में भेदभाव के आरोप पूरी तरह से गलत है। एक दिन छोड़कर सभी जगह पेयजल सप्लाय हो रहा है। गर्मी के कारण कुछ जगह समस्या है। उसका समाधान खोजा जा रहा है। - सरजू सांगले, जल प्रभारी नपा

खबरें और भी हैं...