भास्कर संवाददाता | उमरखली/खरगोन
मोहना के कुंदा क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी दिखाई दे रही है। यहां गांव के पास बकरी का शिकार किया। ग्रामीणों ने नाले में सोमवार को वन्य प्राणी दिखाई दिया। उसके बाद वन विभाग को सूचना दी। क्षेत्र में वन टीम है। इंदौर से रेस्क्यू टीम बुलवाई है।
उमरखली से लगे पेनपुर व मोहना के कुंदा नदी क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से तेंदुए के होने की ग्रामीण बता रहे थे। सुबह 9 बजे मोहना में महाकालेश्वर मंदिर के पास ग्रामीणों ने देखा। मोहना के दयाराम वर्मा, जहादर गोसाई, बद्री गोसाई, छतरसिंह ने बताया बकरी का शिकार किया।
पास में वह मरी पड़ी थी। नवल सोलंकी, सचिन निगवाल ने बताया नाले के पास देखा। कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। उसमें दौड़ता हुआ तेंदुआ नाले के निचले से ऊपरी हिस्से की तरफ दौड़ता दिख रहा है। सूचना पर एसडीओ अशोक सोलंकी, वन परिक्षेत्र अधिकारी नेमीचंद अस्के सहित वन टीम क्षेत्र में पहुंची। तेंदुए को पिंजरा रखकर पकड़ने की कार्रवाई चल रही है। कसरावद से रेस्क्यू मटेरियल बुलवा लिया है। इसमें जाल, हेलमेट, पिंजरा सहित दल भी शामिल है। इसके अलावा इंदौर की रेस्क्यू टीम को भी सूचना भेजी गई है।
खेतों में कपास की बोवनी ठप की-तेंदुए की खबर के बाद क्षेत्र के उमरखली, मोहना व पेनपुर के किसानों में डर है। किसानों ने बताया पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में किसान गर्मी के कपास के काकड़े लगा रहे हैं। इस खबर के बाद उनमें डर है। कुछ किसान आगामी दिनों में बोवनी करने वाले थे। फिलहाल उन्होंने उसे ठप कर दिया। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की मांग की।
वनक्षेत्र में तेंदुए को ढूंढ रही है टीम।
पिंजरा लगाया, दो दिन पहले भी किया था शिकार
टांडाबरुड | वन कर्मी टीम द्वारा तेंदुए को अपने कब्जे में करने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है उसे पकड़ने के लिए हर तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीण बद्री ने बताया दो दिन पहले भी एक बकरी के अवशेष मिले थे लेकिन हमें लगा लकड़बग्घा होगा आज देखने पर पता चला तेंदुआ है। वन विभाग अमला टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और झाड़ियों में छुपे तेंदुए को अपने कब्जे मे लेने के लिए चारों ओर वन विभाग टीम कर्मी तैनात हो गए। रेंजर बी एस वर्मा ने बताया पिंजरा लगा दिया है। बरुड़ रेंजर बीएस वर्मा, शंकरलाल मंडलोई, डिप्टी रेंजर जगदीश जांगड़े, हीरालाल बर्वे, मोहन भिलाडे, कमल सिंह रघुवंशी, रमेश चौहान, किशन यादव, एवं वन वन रक्षक अमिताभ मंडलोई, कृष्णा सोलंकी, अजय निरगुड़े,पवन सोनी, कमल पाटीदार, आदि वन विभाग टीम मोके पर मौजूद है।