100% गैस कनेक्शन देकर धुंआ रहित बनाएंगे 5 गांव
दो साल पहले शुरू हुई उज्ज्वला योजना अंतर्गत 20 अप्रैल को एलपीजी पंचायत लगेगी। जिले में 30 गांवों में विभिन्न घरेलू गैस एंजेसियों को शिविर लगाकर सुरक्षा की जानकारी देंगे। साथ ही बीपीएल व पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को नि:शुल्क घरेलू गैस कनेक्शन दिया जाएगा। जिले में पांच गांवों में 100 फीसदी कनेक्शन देकर धुंआ रहित गांव बनाया जाएगा।
यह जानकारी भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन के डिप्टी मैनेजर सेल्स एवं उज्ज्वला योजना के खरगोन नोडल अधिकारी एमवी श्रीनिवासा मूर्थी ने दी। उन्होंने बताया ग्राम स्वराज अभियान में योजना के तहत जिले की बड़वाह तहसील के बागफल, जयमलपुरा, चौगावां व महेश्वर तहसील के पिपल्या खुर्द व बरलाय को लिया है। यहां 14 अप्रैल से मई तक ग्रामीणों से डिस्ट्रीब्यूटर्स की टीम 5 लगातार संपर्क में रहेगी। उपभोक्ताओं को एलपीजी के उपयोग के लिए जागरूक भी किया जाएगा। उज्ज्वला गैस योजना में अजा व अजजा परिवार, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही, अंत्योदय योजना, अति पिछड़ा वर्ग भी शामिल किए हैं। ऐसे सभी परिवारों तक कनेक्शन पहुंचाकर उनकी रसोई को धुंए से रहित बनाना है।
जिले में 20 से एलपीजी पंचायतें लगेंगी, एलपीजी नोडल अधिकारी श्रीनिवासा मूर्थी ने कहा
एलपीजी के जिला नोडल अधिकारी एमवी श्रीनिवासा मूर्थी।
1 लाख 13 हजार आवेदन 30 रसोई गैस एजेंसियों पर आए फार्म
2 साल में 62.4 प्रतिशत घरों में पहुंचे सिलेंडर
उज्ज्वला योजना 2016 में शुरू हुई। इसमें जिले में 2 लाख 22 हजार कनेक्शन का लक्ष्य रखा गया। 1 लाख 13 हजार आवेदन 30 रसोई गैस एजेंसियों पर आए। इसमें करीब 86 हजार कनेक्शन दिए गए। पूर्व सर्वे अनुसार 2016 तक 46 प्रतिशत लोग एलपीजी का उपयोग करते थे। योजना के बाद यह 62.4 प्रतिशत पहुंच गया है।
चयनित गांवाें में रसोई कनेक्शन स्थिति
गांव मकान आबादी कनेक्शन बाकी
बागफल 310 1408 235 75
जयमलपुरा 246 1137 200 46
चौगावां 375 1576 91 284
पिपल्याखुर्द 411 1851 213 198
बरलाय 271 1155 214 57
(भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन के मुताबिक)
एलपीजी पंचायत में बताएंगे सुरक्षा उपाय
गैस एजेंसी संचालक विवेक पाटीदार ने बताया एलपीजी पंचायत में सभी कंपनियों की तरफ से उपभोक्ताओं की सुरक्षा संबंधी शिकायतें जैसे लीकेज और अन्य समस्याओं को लेकर 1906 नंबर जारी किया है। इस नंबर पर शिकायत के बाद दो घंटे में समस्या का समाधान करेंगे।