2 लाख से ज्यादा परिवारों को मिलेगा 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा
जिले में 2 लाख से ज्यादा परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा होगा। इसमें चिंहित अस्पतालों में लोगों का इलाज होगा। शुरुआत 30 अप्रैल से होगी। 1 से 7 मई तक घर-घर सर्वे होगा। इसमें नाम जोड़े या हटाए जाएंगे। इसके बाद 15 अगस्त से योजना लागू हो जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है।
गंभीर बीमारियों में परिवारों को अब पांच लाख रुपए तक का इलाज मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। सीएमएचओ डॉ. आरके नीमा ने बताया योजना में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी। इस योजना में जिले में 2 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा मिलेगा। हितग्राहियों का निर्धारण वर्ष 2011 की जनगणना से किया जाएगा। इसके लिए सामाजिक, आर्थिक, जातीय आधार की श्रेणियां होंगी।
इस योजना के तहत जितने परिवार पात्र होंगे उन्हें लाभ दिलाया जाएगा। योजना के तहत सर्वे की प्रक्रिया 1 से 7 मई चलेगी। 15 मई तक इनका वेरीफिकेशन किया जाएगा। सर्वे आशा कार्यकर्ता करेंगी। जरूरत होने पर एएनएम, एनपीएस व एमपीडब्ल्यू से सहयोग लिया जा सकेगा। सत्यापन ग्राम पंचायत सचिव करेगा। ऑनलाइन पंजीयन रोजगार सहायक के अलावा आउटसोर्स से भी हो सकेगा। प्रारंभिक प्रक्रिया में आशा कार्यकर्ता को फार्म डाउनलोड करना होंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-212-4684 पर सबमिट करना होगा। इसके बाद एक्टिवेट कोड भी प्रिंटआउट पर आ जाएगा।
30 हजार नाम कटेंगे, जुड़ेंगे 60 हजार
अफसरों के मुताबिक जिले में 20 हजार से ज्यादा लोगों के नाम कटेंगे। क्योंकि उनकी मौत हो चुकी है। जबकि नए सदस्यों में करीब 60 हजार से ज्यादा नाम जुड़ेंगे।
2011 की जनगणना के आधार पर परिवारों को मिलेगा फायदा, 1 मई से सर्वे शुरू होगा
डीपीएम कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए।
30 को मनाया जाएगा आयुष्मान भारत दिवस
जिले की 496 ग्राम पंचायत स्तर पर जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारियों के नेतृत्व में 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस मनाया जाएगा। इसमें परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा। किसी प्रकार की आपत्ति होने पर लोग आशा कार्यकर्ता और पंचायत सचिव से मिलकर समस्या का समाधान करा सकेंगे।
कामकाज करने पर मानदेय देने का प्रावधान
आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन के लिए शुरूआती दौर में कामकाज करने वालों को मानदेय मिलेगा। आशा कार्यकर्ताओं को प्रति परिवार चार रुपए मिलेंगे। जबकि सत्यापन के लिए ग्राम पंचायत सचिव को तीन रुपए मिलेंगे।