अंजड़ के पास स्पीड ब्रेकर पर उछली बस, महिला घायल
खरगोन से बड़वानी आ रही थी बस
भास्कर संवाददाता | बड़वानी
खरगोन से बड़वानी आ रही यात्री बस में सवार एक महिला घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला को चालक, परिचालक बस के माध्यम से ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल महिला ने बताया कि अंजड़ के पास बस स्पीड ब्रेकर पर उछली थी। इसी दौरान महिला का घुटना आगे की सीट से टकरा गया। महिला के पैर में पहले से ही लाड डली होने के चलते उसे चोट लग गई।
रविवार शाम करीब चार बजे बस खरगोन से बड़वानी आ रही थी, जो अंजड़ के पास स्पीड ब्रेकर पर चढ़ने के बाद उछल गई। इस दौरान बस में सवार नागलवाड़ी के पास स्थित तिरी निवासी महिला तेजूबाई पति गुलसिंह सीट से उछलकर आगे की सीट से टकराकर गिर गई। शहर पहुंचने के बाद महिला के साथ मौजूद परिजनों ने विरोध जताया। इसके चलते पुलिस को मामला संभालने आना पड़ा और पुलिस चालक-परिचालक के साथ महिला को अस्पताल लेकर पहुंची।
बड़वानी शादी में शामिल होने आई थी महिला- महिला की बहन घुघरीबाई ने बताया नानी बड़वानी में शादी में शामिल होने के लिए महिला आई थी लेकिन रास्ते में ही वह घायल हो गई।