व्यवसायी परिवार के चलित प्याऊ के जरिए लोगों को पिला रहे पानी
खरियार रोड. नगर पालिका व पुलिस द्वारा अस्थायी प्याऊ खोला गया है।
भास्कर न्यूज|खरियार रोड
शहर में वैसे तो अनेक स्थानों पर स्थायी प्याऊ है। जहां वाटर कूलर के जरिए हमेशा ठंडा पानी मिलता है। इसके अलावा अनेक संस्थाओं व व्यक्तियों समेत नगर पालिका व पुलिस द्वारा अस्थायी प्याऊ खोला गया है। लेकिन शहर के एक व्यवसायी परिवार द्वारा चलता फिरता प्याऊ शुरु किया है। इस प्याऊ का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। व्यवसायी विजय लाल सोनी, सुनिल सोनी और संजय सोनी व परिवार के तत्वावधान में चलता फिरता प्याऊ खोला गया है। यह प्याऊ एक पिकअप वेन में स्थापित किया गया है जिसमें मिनरल वाटर के बीस-बीस लीटर के 50 कंटेनर हमेशा उपलब्ध कराए गए हैं। यानी एक बार में करीब एक हजार लीटर ठंडा मिनरल वाटर लोगों को पिलाया जा सकेगा।
इस बारे में संजय सोनी ने बताया कि फिलहाल इस चलते फिरते प्याऊ को खरियार रोड, नुआपाड़ा, तरबोड़ आदि ऐसे स्थानों के साप्ताहिक बाजार में आने वाले लोगों के उपयोग में लगाया जा रहा है। मंगलवार को शहर में साप्ताहिक बाजार भरता है और इसी दिन खुले चलते फिरते प्याऊ से करीब 1200 लीटर ठंडा मिनरल वाटर लोगों को पिलाया गया।