नक्सलियों के नाम पर वसूली 2.8 लाख सहित दो गिरफ्तार
माओवादियों के नाम पर लोगों को धमकाकर उनसे रुपए एंठने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल माओवादियों के नाम के खौफ को दोनों आरोपी भुनाने की कोशिश कर रहे थे।
एसपी स्मित परमार ने बताया कि जिले के खरियार पुलिस द्वारा दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें से एक बलांगीर जिले के बेलपाड़ा गांव का निराकार तांडी और दूसरा तुरेकला थाने के पुरेन गांव का जगदीश छतरिया है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी ठेकेदार, क्रशर संचालक आदि के पास खुद को नक्सली बता कर फोन पर धमकाते थे और रुपए की उगाही करते थे। इन लोगों ने खरियार समेत कांटाबांजी, बंगोमुंडा, तुरेकेला, मुरीबहाल आदि अंचल के ठेकेदारों को ऐसे ही धमकाया था। उनके पास से एक मोबाइल, 2 लाख 85 हजार कैश बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार इन दोनों ने ऐसे ही करीब 8 लाख रुपए की उगाही की थी।
एेसे पकड़े गए दोनों आरोपी
31 मार्च को उन्होंने खरियार में रहने वाले भुलियासिंकुआ गांव के एक ठेकेदार को तीन लाख रुपए देने के लिए फोन किया था। इस बारे में ठेकेदार ने पुलिस से संपर्क किया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मोबाइल ट्रेकिंग कर दोनों के ठिकानों का पता किया और उन्हें धर दबोचा। इन दोनों नाम पर तुरेकेला, मुरीबहाल, कांटाबांजी थाने में भी पहले के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने ऐसे 10 मामलों के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने कहा कि आरोपियों से और पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड पर लिया जाएगा।