गरीब सेना ने किया कलेक्टोरेट का घेराव, बताई 13 तरह की समस्याएं
श्रमिक पलायन, श्रमिक की मौत, मनरेगा भुगतान आदि 13 सूत्री मांगों को लेकर पिछले हफ्तेभर से गरीब सेना के अध्यक्ष रबिंद्र मंगराज अनशन पर बैठे है। इस अनशन के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने से नाराज श्रमिकों व किसानों ने गरीब सेना के समर्थन में रैली निकाल कर कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया।
गरीब सेना के सचिव राजेश जगत के नेतृत्व में मंगलवार को जिला मुख्यालय में मिनी स्टेडियम से रैली निकाल श्रमिक व किसान कलेक्टोरेट पहुंचे, जहां थोड़ी देर प्रदर्शन करने के बाद एडीएम त्रिलोचन मिंज को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी न हुई तो जिलास्तरीय आंदोलन किया जाएगा। इधर, एडीएम की ओर से अनशन रत गरीब सेना के अध्यक्ष समेत गरीब सेना के कार्यकर्ताओं को चर्चा के लिए बुलाया था तथा चर्चा के दौरान 7 दिनों में मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन गरीब सेना ने लिखित में आश्वासन चाहा जो एडीएम दे नहीं सके। लिहाजा रबिंद्र मंगराज का अनशन सातवें दिन भी जारी है।
खरियार रोड. मनरेगा भुगतान आदि 13 सूत्री मांगों को लेकर रैली लेकर निकले गरीब सेना के कार्यकर्ता।
बुनियादी सुविधाओं के लिए केरमेली के आदिवासियों ने भी घेरा कलेक्टोरेट
जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर केरमेली पंचायत के आदिवासियों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए रैली निकाली और कलेक्टोरेट का घेराव व प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। केरमेली के आदिवासियों का आरोप है कि वे लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि बुनयादी सुविधाओं से वंचित है तथा प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिसके कारण लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आदिवासियों ने विशेष कर आवागमन तथा जीविका उपार्जन से संबंधित समस्या रखी। आदिवासियों की ओर से एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर प्रशासन कोई ध्यान नहीं देता है तो आगामी दिनों में धरना दिया जाएगा। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया तथा प्रदर्शन में उसके सदस्य शामिल हुए। इस प्रदर्शन में हीरालाल माझी, मंगल सिंह माझी, भगवती माझी, आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक आशीष सतपथी, रंगाधर माझी, घनश्याम राउत आदि प्रमुख शामिल थे।