कला और सामाजिक कार्यों के बेहतर कामों के लिए सम्मान
लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उचित मंच प्रदान करने के मकसद से शनिवार रात को विठोबा टॉकीज परिसर में जोंक महोत्सव का आयोजन किया गया। स्थानीय स्वयंसेवी संस्था एथलेटिक एंड कल्चरल एसोसिएशन तथा कंचनबेन रसिकलाल धोलकिया चेरीटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में नगरपालिका अध्यक्ष सुनिता शेखर जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। महोत्सव में पूर्व विधायक राजू भाई धोलकिया, जिला परिषद सदस्य लंबोदर नियाल, सांसद प्रतिनिधि सुरेश आचारी, कोमना जनपद अध्यक्ष मनोज मिश्रा, पार्षद भगवती पटेल, पार्षद शेखर जैन, केएसएस के अध्यक्ष निशांत डागा बतौर अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतीक मिश्रा के गायन से हुआ तथा संचालन टिंकू शबर ने किया। इस आयोजन में भुवनेश्वर, आमानारा के लोक कलाकारों तथा आईटीआई खरियार रोड, नवज्योति विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, ज्ञानज्योति पब्लिक स्कूल के छात्राओं, मीता मिश्रा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर समिति द्वारा सभी कलाकारों का सम्मान किया गया।
खरियार रोड। उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित करते अतिथि।
इनको मिला समाज के लिए बेहतर कार्य करने का सम्मान
सम्मान समारोह में रक्तदान तथा पर्यावरण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले मनोज डागा, समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने के लिए भगवती पटेल, ऐतिहासिक व दुर्लभ सिक्कों का संग्रह कर रिकार्ड बुक में अपन नाम दर्ज कराने वाले रितेश जैन व सचिन केशरवानी, राम लीला मंचन के लिए श्रीराम कल्चरल एसोसिएशन, सेवा कार्य के लिए खरियार रोड़ सेवा समिति (केएसएस), खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए कमलाकांत मिश्रा, शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने कुमारी चौहान तथा डॉ. प्रणिता साकरकर को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विगत दिनों पीएचडी पारा में मिक्चर फेक्ट्री में आग लगने से उससे घिरे घरवालों को बचाने के लिए साहस का प्रदर्शन करने वाले हैदर और अहमद व उसके साथियों को सम्मानित किया गया।