कुचाई थाना घेरने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस ने चौक पर ही रोका
कुचाई थाना परिसर के 200 मीटर तक धारा 144 लागू होने के बावजूद रविवार को लगभग 250 की संख्या में दर्जनों गांवों के आक्रोशित ग्रामीणों ने पारंपरिक हथियारों के साथ चौथी बार कुचाई थाना घेरने पहुंचे। लेकिन पुलिस ने कुचाई थाना की ओर बढ़ रहे आक्रोशित ग्रामीणों को सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में कुचाई चौक पर ही रोक दिया। साथ ही ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण सड़क को जाम करके लगभग दो घंटे तक बैठे रहे। शाम 4.50 बजे रूढ़िवादी प्राकृतिक ग्राम सभा सियाडीह के द्वारा गिरफ्तार लोगों को छोड़ने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपकर अपने-अपने घर लौट गए। ग्रामीण नक्सली गतिविधि में शामिल होने के संदेह में लोगों को गिरफ्तार करने सहित 10 जनवरी को कुचाई थाना घेराव करने, पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में सियाडीह गांव निवासी दीपक मुंडा व तिरिलडीह निवासी गुरूवा मुंडा की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। नक्सली गतिविधि में शामिल होने के संदेह में हिरासत में लिए दो लोगों को छोड़ने की मांग पर 10 जनवरी को कुचाई थाना घेराव करने जा रहे आक्रोशित ग्रामीणों ने कुचाई थाना प्रभारी को घंटों बीच सड़क पर बैठाए रखा था। दूसरी बार दो व्यक्ति, एक महिला सहित बच्ची को हिरासत में लिए जाने के विरोध में तीन अप्रैल को लगभग साढ़े चार घंटे कुचाई थाना का घेराव किया था। 10 अप्रैल को आक्रोशित ग्रामीणों ने ढाई घंटा तक कुचाई थाना घेरे रखा था। युवको की गिरफ्तारी के विरोध में थाना घेरने की सूचना कुचाई पुलिस को पहले ही मिल गई थी। थाना घेरने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने शनिवार शाम से ही कुचाई थाना क्षेत्र से लगभग 200 मीटर तक धारा 144 लागू कर दी थी।
गिरफ्तारी के विरोध में चौथी बार ग्रामीणों ने थाना घेरने का किया प्रयास
ये है मामला: 10 जनवरी को हिरासत में लिए गए युवकों को बिना शर्त रिहा करने की मांग पर खरसावां-दलभंगा मुख्य मार्ग के कुचाई चौक को ग्रामीणों ने जाम कर दिया था। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने पहुंचे कुचाई थाना प्रभारी के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले पुलिस ने सरायकेला से शुक्रवार को दो लोगों गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुचाई थाना घेरने जाते ग्रामीण।
पुलिस से मारपीट के आरोपी गिरफ्तार हुए हैं: एसडीपीओ
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि कुचाई थाना के कांड संख्या 4/18 के तहत कुचाई के सियाडीह गावं के निवासी दिपक मुंडा पिता-जेवियर सोय एवं तिरिलडीह निवासी गुरुवा मुंडा पर कुचाई पुलिस को बातचीत के बहाने बुलाकर मारपीट करने, के आरोप में पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।