रूचाव गांव के समीप कुचाई-टोकलो मार्ग पर पलटा टेंपो, 5 जख्मी
खरसावां |कुचाई-टोकलो मार्ग के रूचाव गांव के समीप अनियंत्रित होकर टेंपो के पलटने से पांच लोग जख्मी हो गए। यह दुर्घटना शुक्रवार को दोपहर 12 बजे की है। कुचाई के मुख्य बाजार से दोपहर को टेंपो पांच सवारी लेकर टोकलो जा रहा था। इसी क्रम में रूचाव गांव के समीप घुमावदार मोड़ पर टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो के दुर्घटना होने से उसमें सवार टोकलो के दुकरी गांव के 25 वर्षीय निवासी सोमवारी सामड जख्मी हो गईं। कुचाई के ईचाहातु के 35 वर्षीय निवासी अछीमुनी सोय के बायां हाथ की कोहनी में चोट लगी है। जबकि उसी गांव के 40 वर्षीय गंगाराम पाड़िया के पीठ व जुगीडीह गांव के 50 वर्षीय सुशीला पटका के सिर में चोट लगी है। इसके अलावे पुनीबुड़ी के 30 वर्षीया सुखरा सोय के कमर में चोट लगी है। टेंपो के दुर्घटना में जख्मी मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र कुचाई में इलाज चल रहा है।