डोकलाम विवाद के बाद भारत व चीन के एनएसए दूसरी बार मिले
बीजिंग| भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल चीन की दो दिन की यात्रा पर हैं। उन्होंने शंघाई में शुक्रवार को चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार यांग जिएची से मुलाकात की। इस दौरान सीमा सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत हुई। पिछले साल डोकलाम में दोनों देशों की सेनाओं के बीच 73 दिन तक चले तनाव के खत्म होने के बाद डोभाल की जिएची से यह दूसरी मुलाकात है। डोभाल और जिएची दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करने के लिए विशेष प्रतिनिधि भी हैं। पिछले साल यांग जिएची नई दिल्ली में 20वें राउंड की सीमा बातचीत में शामिल हुए थे। इसमें चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर, एनएसजी में भारत की सदस्यता और जैश-ए-मोहम्मद को संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंधित आतंकी सूची में शामिल करने के भारत फैसले से चीन के उभरे मतभेदों को दूर करने के मुद्दों पर अागे बातचीत की सहमति बनी थी।