सोशल मीडिया पर वायरल हुए 5 शिक्षकों के फर्जी तबादला आदेश
बीकानेर/भीलवाड़ा | तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादलों की सूचियां तैयार हो चुकी हैं। आदेश अगले माह तक जारी होने के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन उससे पहले ही सोशल मीडिया पर फर्जी सूचियां आने लगी हैं। एक सूची पकड़ में भीलवाड़ा से पांच शिक्षकों के तबादले विभिन्न जिलों में किए गए हैं। फर्जीवाड़े को देखते हुए राज्यभर में सभी जिला शिक्षाधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के फर्जी हस्ताक्षर से जारी आदेश 14 मई का है। आदेश में भीलवाड़ा में कार्यरत शिक्षक धर्मवीर जाट का तबादला राउप्रावि अगरपुरा भीलवाड़ा, नाथू खटीक को राउप्रावि चौधरिया भीलवाड़ा में बताया है, जबकि सुनीता बैरवा को राजसमंद, किशन रेगर को अजमेर और यदुराज सिंह काे झारौली भरतपुर लगाया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक श्याम सिंह राजपुरोहित ने कहा है कि स्थानांतरण आदेश प्राप्त होने पर निदेशालय से पुष्टि के बाद ही कार्यग्रहण व कार्यमुक्ति होगी।