सुप्रीम कोर्ट ने बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया को दी बेल
ढाका| बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को भ्रष्टाचार के मामले में बुधवार को जमानत दे दी। कोर्ट ने खालिदा को 12 मार्च में हाईकोर्ट की ओर से दी गई जमानत को बरकरार रखा। मुख्य विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख जिया पर अनाथों के लिए काम करने वाले ट्रस्ट के लिए मिले दो करोड़ 10 लाख टका (रुपए) के विदेशी सहायता में हेराफेरी करने का आरोप है। ट्रायल कोर्ट ने उन्हें इस मामले में दोषी ठहराते हुए 5 फरवरी को 5 साल जेल की सजा सुनाई थी। इसे उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इस पर हाईकोर्ट 31 जुलाई को सुनवाई करेगा। कोर्ट में जिया ने अनाथालय ट्रस्ट मामले में अभियुक्त ठहराए जाने और 5 साल की सजा को खत्म करने का अनुरोध किया है।