भास्कर संवाददाता | खातेगांव
आप लोग इस देश के अन्नदाता है आप लोग संगठित रहें क्योंकि संगठन में शक्ति है संगठित रहने का लाभ मिलता है। आज देश का किसान अलग अलग बटे होने से पिछड़ा है। आप लोग गांव गांव में 11 व 21 किसान भाइयों की एक टीम बनाएं और किसानों के मुद्दे पर सामूहिक धरना आंदोलन करें। धरना आंदोलन कभी भी हिंसक नहीं होना चाहिए। राजस्थान में भारतीय किसान यूनियन ने इस प्रकार की छवि बनाई है कि हर 3 माह में 1 दिन किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है जहां सभी अधिकारी पहुंचते हैं और किसानों से उनकी समस्याएं पूछते हैं, उसका निराकरण होता है।
यह बात समीपस्थ ग्राम भील खेड़ी में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ओम पटेल द्वारा आयोजित किसान चौपाल में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत ने कही। उन्होंने कहा कि जहां संगठन होता है वहां किसानों को लाभ मिलता है। हम भारतीय किसान यूनियन 16, 17, 18 जून को हरिद्वार में शिविर लगा रहे हैं। आप सभी लोग ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे और देखें किस प्रकार किसान हित के कार्य करना चाहिए। हमें अपनी जो उपज हैं उसका सही उचित मूल्य मिलना चाहिए। 1 जून से 10 जून तक हम किसान भाई गांव से अपने द्वारा उत्पादित सभी सामग्रियां नगरों तक नहीं पहुंचाएंगे ऐसा संकल्प करें जिससे हम अपने अधिकार के लिए लड़ सकें।
अपनी शक्ति पहचानें
किसानों से आह्वान किया गया कि एकत्रित होकर एक स्वर में एक संगठन के साथ रहकर अपनी शक्ति को पहचानें। भारतीय किसान यूनियन द्वारा 1 जून से 10 जून तक किए जाने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा से भी अवगत कराएं। संचालन भारतीय किसान यूनियन के संभाग अध्यक्ष राजवीर भारी ने किया। आभार भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश पटेल भील खेड़ी ने माना।
खातेगांव. किसानों को संबोधित करते हुए टिकैत।