सरकारी खरीदी के पांच दिन बाद देशी चने में 300-400 का उछाल
जिले में समर्थन मूल्य पर देशी चना की खरीदी शुरू होने का असर बाजार में दिखाई देने लगा है। मंडी में बोली के दौरान भी किसानों की उपज का दाम 300 से 400 रुपए तक उछल गया है। जो अच्छे किस्म का चना 4000 रुपए के नीचे बिक रहा था, वह पिछले दो-तीन दिन में 4300 से 4400 रुपए तक पहुंच गई है। गौरतलब है सरकारी समर्थन मूल्य 4400 रुपए घोषित है, 100 रुपए बोनस अतिरिक्त मिलेगा। पिछले सप्ताह तक जब समर्थन मूल्य की खरीदी शुरू नहीं हुई थी तो व्यापारियों द्वारा अधिकतम 4000 रु. तक ही अच्छा चना खरीदा जा रहा था।
यह है स्थिति
10 दिन पहले 3957 अधिकतम भाव पर बिक रहा था अच्छे किस्म का देशी चना
13 अप्रैल को 4300 रु. प्रति क्विंटल तक बिका, 12 अप्रैल को 4400 रु. भाव मिला
2900 की जगह मिल रहे 3300 रु. : हल्के किस्म के चना के भी दिन फिर रहे हैं। पिछले पखवाड़ा में हल्के किस्म का चना 2800 से 2900 रुपए तक ही बिक रहा था, अब उसी क्वालिटी का चना व्यापारी 3300 रुपए तक में खरीद रहे हैं।
तीन तहसीलों में खरीदी ज्यादा : जिले में 13 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं लेकिन चना खरीदी के लिए सबसे ज्यादा देवास, खातेगांव व सोनकच्छ पर है। यहां सर्वाधिक मात्रा में चना आवक की संभावना है।