- Hindi News
- National
- नप उपाध्यक्ष की भतीजी की शादी नाबालिग दूल्हे से होनी थी, शिकायत होने के बाद रुकी
नप उपाध्यक्ष की भतीजी की शादी नाबालिग दूल्हे से होनी थी, शिकायत होने के बाद रुकी
देवास में हुए विवाह में लड़की की उम्र की जांच आज
भास्कर संवाददाता | देवास
अक्षय तृतीया पर महिला सशक्तिकरण और चाइल्ड लाइन की टीम ने खातेगांव के नगर परिषद उपाध्यक्ष दिनेश राबड़िया की एक भतीजी की शादी नाबालिग दूल्हा होने के कारण रुकवा दी। उपाध्यक्ष ने एसडीएम के नाम शपथ पत्र दिया है कि अभी उसकी शादी नहीं कर रहे हैं। दरअसल, उपाध्यक्ष की दो भतीजियों की शादी एक ही दिन थी और दोनों बालिग हैं। लेकिन, खंडवा जिले से झिंगाधड से छोटी भतीजी के लिए जो बरात आनी थी, उसमें दूल्हा 19 साल का ही है। रिकॉर्ड से यह जानकारी प्रमाणित हुई थी। इसके बाद शादी रुकवा दी गई जबकि बड़ी बहन के फेरे हुए।
देवास की महिला सशक्तिकरण अधिकारी आकांक्षा बेछोटे ने कहा कि खंडवा से शौर्या दल के एक सदस्य शिल्पी राय की सूचना पर देवास से टीमें रवाना हुई, एसडीएम जीवन रजक को भी जानकारी में लाया गया। इसके बाद दस्तावेजों की जांच की गई तो खुलासा हुआ है कि दोनों भतीजियां बालिग निकली लेकिन दूल्हा एक ही बालिग था। ऐसे में एक ही शादी करने दी गई। यह लिखकर दिया गया कि छोटी भतीजी का विवाह दूल्हे के बालिग होने के बाद करेंगे।
सिंगावदा में नाबालिग के विवाह की सूचना, हुई सगाई -देवास के पास सिंगावदा में दो बाल विवाह की सूचना पर टीम पहुंची लेकिन यहां एक जोड़ा बालिग निकला। साथ ही जिस दूसरे विवाह की सूचना थी, वह भी गलत सूचना थी, वहां केवल सगाई का कार्यक्रम हो रहा था।
मोतीबंगला में हुए फेरे, उम्र की जांच आज होगी
मोतीबंगला में एक लड़की के नाबालिग होने की शिकायत मिली थी लेकिन वहां परिजन ने लिखकर दिया था कि बेटी बालिग है, रिकॉर्ड जल गया। इस पर शपथ पत्र के आधार पर विवाह की अनुमति दी गई। 19 अप्रैल को स्कूल खुलने पर जांच मार्कशीट के आधार पर होगी। यदि उम्र कम पाई गई तो विवाह शून्य घोषित हो सकता है।