पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कागजों में सड़क पूरी, मौके पर खराब, एसडीएम और नपा अध्यक्ष ने मंत्री तक लिखे पत्र, नहीं हुआ सुधार

कागजों में सड़क पूरी, मौके पर खराब, एसडीएम और नपा अध्यक्ष ने मंत्री तक लिखे पत्र, नहीं हुआ सुधार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ब्यावरा से राजस्थान सरहद तक 61 किमी लंबे मार्ग को पूरा हुए दो साल होने को आया। इसके बाद भी इस मार्ग का निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया है। जब भी इस सड़क पर हादसे होते हैं प्रशासन मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर व्यवस्था सुधारने हिदायत देते हैं, लेकिन इसके बाद भी व्यवस्था जस की तस है। सड़क किनारे जगह-जगह मटेरियल पड़ा है। वहीं शहर के बायपास रोड पर नाली का निर्माण अधूरा होने के साथ ही स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य सुविधाएं नहीं है। वहीं निर्माण के दौरान स्थानीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बाद भी उनकी मरम्मत नहीं की गई है। इससे नाराज नपा अध्यक्ष मंगला गुप्ता ने एमपीआरडीसी को दो दिन पहले दोबारा एक पत्र लिखा है। इसमें व्यवस्था नहीं सुधारने पर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इससे पहले नपा अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी को भी पत्र लिखा है।

सौ से अधिक हादसे में 50 से अधिक लोगों की गई जान, सैकड़ों घायल, फिर भी नहीं दे रहे ध्यान

61 किमी लंबे मार्ग पर यात्री सुविधा का नहीं दिया ध्यान

ब्यावरा से राजस्थान सरहद तक बनने वाले इस 61 किमी लंबे टू लेन निर्माण के दौरान कई जगह अनदेखी कर रही है। प्रेमसिंह, संजय दांगी, जेपी वाजपेयी ने बताया कि बड़बेली के यहां बड़े-बड़े ब्रेकर बनाने के साथ ही 30 से अधिक स्थानों पर यात्री प्रतीक्षालय नहीं बनाए हैं। खिलचीपुर नाका, बस स्टैंड और ब्यावरा नाका पर संबंधित कंपनी ने प्रतीक्षालय नहीं लगाने के साथ यहां का काम भी अधूरा छोड़ दिया है। इसलिए इस सड़क पर सैकड़ों हादसे हो गए हैं, जिसमें 50 से अधिक लोगों की जान भी चली गई। इसके बाद भी प्रशासन सख्ती नहीं दिखा पा रहा है।

अध्यक्ष ने कहा-सड़क से क्रास कर दी हाई टेंशन लाइन स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगाई

नपा अध्यक्ष श्रीमती गुप्ता ने इसी सप्ताह एमपीआरडीसी प्रबंधक को पत्र लिखते हुए कहा कि शहर से होकर निकले बायपास पर गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिया गया। नियम विरुद्ध शहर में हाई टेंशन लाइट क्रास की गई, जबकि यह लाइट अंडर ग्राउंड पास होनी थी। इसके साथ ही हाईवे किनारे नपा ने स्ट्रीट लाइट लगा रखी थी, जिसे निर्माण के दौरान हटा दिया। इसके बाद भी बायपास पर स्ट्रीट लाइन नहीं लगाई है। इससे रातभर सड़क पर अंधेरा रहने से आए दिन हादसे हो रहे है। वहीं सड़क का डिजाइन के अनुसार काम नहीं करने से लोगों को असुविधा होने की बात भी अध्यक्ष ने कही है।

शहर के बीच बाइपास पर इस तरह खुली पड़ी है नालियां।

शहर के मंगलभवन और खिलचीपुर नाका पार्क की नहीं बनाई बाउंड्रीवॉल

कलेक्टोरेट से नेवज नदी के बड़े पुल के समीप तक फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क किनारे मटेरियल पटक रखा है। साइडों पर मुरम की बजाय पत्थर पड़े है। वहीं निर्माण के दौरान खिलचीपुर नाका स्थित पार्क और मंगल भवन की बाउंड्रीवॉल तोड़ी गई थी, जिसे दो साल बाद भी नहीं बनाया। इससे पार्क के साथ मांगलिक भवन की सुरक्षा खतरे में है। वहीं बस स्टैंड, चौराहा पर हाईमास्ट लाइटें नहीं लगाई। ऐसा नहीं करने पर अध्यक्ष ने टोल नाका बंद करने की मांग की है।

शहर की सड़क व्यवस्था नहीं सुधारी तो टोल का विरोध करेंगे

दो सड़क हादसे के बाद एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तलब किया था, सुधार के लिए दो बार पत्र लिखे हैं। अब भी शहर की सड़क व्यवस्था नहीं सुधारी तो टोल का विरोध करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों की शिकायत वरिष्ठ कार्यालय की जाएगी। मंगला शैलेष गुप्ता, नपा अध्यक्ष राजगढ़।

शहर के बीच सड़क पर यह खामियां भी

शहर के बीच से होकर निकले हाईवे पर कई खामियां है। शहर के विश्वास गुप्ता, बाबूलाल फौजी, नारायण गुर्जर ने बताया कि सड़क पर न तो सर्विस रोड बनाया और न ही फुटपाथ बनाया। डिजाइन के अनुसार काम नहीं करने से नालियां जाम हो गई है। वहीं निर्माण के दौरान कई जगह इसे अधूरा छोड़ दिया। अब नाली जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। डिवाइडर के बीच पौधे नहीं लगाए और न ही लाइट, सड़क के दोनों तरफ डामर पर 7 फीट तक पत्थर व बोल्डर पड़ा है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...