खिलचीपुर | नगर की बिगड़ैल यातायात व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। भारी वाहनों का प्रवेश और हर कहीं वाहन पार्किंग से वाहनों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। इससे जाम और वाहनों की बेतरतीब रेलमपेल से आम नागरिकों सहित राहगीरों को रोज मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के उच्च अधिकारियों के निर्देशों के बाद भी नगर की इस विकट समस्या की ओर स्थानीय पुलिस और नगर परिषद का कोई ध्यान नहीं है। इस कारण नगर के बस स्टैंड के हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। सब स्टेंड पर लगी दुकान व्यापारियों की मनमर्जी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। बीच रोड पर लोडिंग वाहनों ट्रकों, पिकअप, ट्रैक्टर-टाली आदि भारी वाहनों को खड़ा कर माल खाली करवाया जा रहा हैं। जिससे यातायात बाधित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना रहता हैं। बावजूद इसके स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।