शराब दुकान हटाने राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र
सरकारी अस्पताल के बाजू में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को हटाने के लिए अब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़ा ने कलेक्टर अनय द्विवेदी को पत्र लिखा है। वानखेड़े ने अपने पत्र में इस संबंध में खिरकिया की समाजसेविका संध्या बायवार के आंदोलन का भी जिक्र किया है। कलेक्टर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी उन्हें प्रेषित करने को कहा है।
मालूम हो कि विगत दिनों राज्य महिला आयोग की सदस्य गंगा उइके सामाजिक कार्यकर्ता विनीता मौर्य के साथ खिरकिया आईं थीं। उस वक्त बायवार ने उनसे मुलाकात कर अस्पताल के बाजू में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान हटवाने में सहयोग मांगा था। उइके ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़ेे को बायवार का एक पत्र सौंपकर उनके द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन की जानकारी दी।
20 अप्रैल से शराब दुकान के खिलाफ भूख हड़ताल: इधर बायवार ने अपने स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद 20 अप्रैल से भूख हड़ताल करने की बात कही है। गौरतलब है समाजसेवी संध्या बायवार ने अस्पताल के बगल में स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को वहां से हटाने के लिए 3 अप्रैल से धरना देना शुरू किया था। धरने के चौथे दिन बायवार का स्वास्थ्य खराब हो गया था। जिसके चलते उन्होंने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था।