पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • सोसाइटी के 153 किसानों के खाते में आना थे 3.69 करोड़, आया महज Rs. 1

सोसाइटी के 153 किसानों के खाते में आना थे 3.69 करोड़, आया महज Rs. 1

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खिरकिया के किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के बाद भी राशि नहीं मिल रही है। एक ओर किसानों को पिछले साल के बोनस की राशि दी जा रही है दूसरी ओर किसानों को उपज बेचने के बाद समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है। 153 किसानों से सोसायटी ने 17693 क्विंटल गेहूं खरीदा। किसानों को 3.69 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान होना है। सोसाइटी के खातों में केवल एक रुपए डाला गया है। जिला सहकारी बैंक अधिकारी परेशान हो रहे हैं। कलेक्टर से लेकर उच्च स्तर तक अफसरों से संपर्क के बाद भी पिछले चार दिन से पोर्टल पर आवंटित राशि एक रुपए ही दिखाई जा रही है। शादी-विवाह के सीजन में किसान राशि की जरूरत के कारण जिला सहकारी बैंक और सोसाइटी के चक्कर लगा रहे हैं। राशि नहीं मिलने के कारण किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। खिरकिया क्षेत्र में करीब 15 सहकारी समितियों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की है। अधिकांश केंद्रों पर पीने के पानी और छाया की व्यवस्था भी पर्याप्त रूप से नहीं की गई है। ऐसे में उन्हें भीषण गर्मी में पेड़ों की छांव ढूंढ रहे है।

रहटगांव उप मंडी में चना खरीदी भी शुरू हुई, किसानों को होगा फायदा

रहटगांव| तहसील मुख्यालय पर स्थित उप मंडी में गेहूं खरीदी ताे चल रही है लेकिन चना खरीदी नहीं हो रही थी। इससे किसान परेशान थे। मंगलवार से केंद्र पर चना खरीदी केंद्र भी शुरू हो गई। जिससे किसानों को राहत मिली है। विधायक संजय शाह ने बताया कि मंडी में सेवा सहकारी समिति उपार्जन केंद्र रहटगांव और आलमपुर किसानों से चना खरीदेगी। किसानों ने गेहूं के साथ ही रहटगांव में चना खरीदी केंद्र खोलने की मांग की थी, जिसे पूरा किया गया है। अब किसानों को उपज बेचने के लिए टिमरनी मंडी नहीं जाना पड़ेगा। चना खरीदी के शुभारंभ अवसर पर एसडीएम पीके पांडे, तहसीलदार अलका एक्का, समिति अध्यक्ष गरीबदास पटवारे, हरिओम पटेल, राधेश्याम गौर, श्रवण जोशी, अशोक कनेरिया, मंडी प्रभारी सुनील शर्मा अधिकारी कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।

किसान लगे है बैंकों की लाइनों में

खमलाय सोसाइटी में गेहूं बेचने वाले किसान परेशान हो रहे हैं। भजनलाल पिता मनोहरलाल विश्नोई ने बताया कि परिवार के ही 9 सदस्यों ने 2300 क्विंटल उपज बेची है। जिसका 40 लाख रुपए सोसाइटी से लेना है। 18 अप्रैल से घर में शादी का कार्यक्रम होना है। बैंक की लाइन में लगकर भी राशि नहीं मिल पाई है। महेश पिता गुलाबचंद विश्नोई, राजेश पिता गुलाबचंद विश्नोई, सदाशिव विश्नोई सहित कई किसानों का पैसा सोसाइटी में अटका हुआ है।

कहां गायब हो गई किसानों की 3.69 करोड़ राशि

किसानों काे भुगतान के लिए आने वाली 3.69 करोड़ की राशि कहां चली गई इसकी जानकारी किसी को नहीं है। चार दिन पहले एसडीएम वीपी यादव के पास शिकायत आने पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात की लेकिन कोई हल नहीं निकला। मंगलवार को जिला सहकारी बैंक के प्रभारी प्रबंधक अरविंद राय कलेक्टर से मिलकर उन्हें बताया कि खाते में राशि डालने की बात कही जा रही है, लेकिन पोर्टल पर सिर्फ एक रुपए बैलेंस दिख रहा है।



उच्च स्तर से पैसा डाला गया है, लेकिन सोसायटी के खाते में पोर्टल पर महज एक रुपए दर्शाया जा रहा है। मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत की है। अरविंद राय, प्रभारी प्रबंधक जिला सहकारी बैंक

मामले में जिला सहकारी बैंक और राशि आवंटित करने वाले विभाग के वरिष्ठ अफसरों से चर्चा की है। उन्होंने जल्द राशि डालने की बात कही है। वीपी सिंह, एसडीएम, खिरकिया

खबरें और भी हैं...