अस्पताल में इलाज नहीं मिलने से नवजात की मौत
किल्लौद | स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों की लापरवाही से नवजात बालक की मौत हो गई। अस्पताल में सोमवार सुबह 10 बजे कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था। जूनापानी निवासी रीना पति अरुण बेलदार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 मई की शाम 4 बजे बालक को जन्म दिया था। अस्पताल से 12 मई की सुबह जच्चा-बच्चा की छुट्टी कर घर भेज दिया गया। सोमवार सुबह बच्चे का स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लाए। लेकिन डॉक्टर के मौजूद नहीं होने के कारण बालक को इलाज नहीं मिल सका। परिजन ने किल्लौद के डॉक्टरों और नर्स पर कार्रवाई की मांग की है। खिरकिया अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रणव मोदी ने बताया माता-पिता जब नवजात को अस्पताल लेकर आए तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सुबह ही उसे इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान नहीं जाती।