पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • भुसावल से 10 लाख रुपए में खरीदा 270 क्विंटल चना जब्त, समर्थन मूल्य पर बेचने की आशंका

भुसावल से 10 लाख रुपए में खरीदा 270 क्विंटल चना जब्त, समर्थन मूल्य पर बेचने की आशंका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कृषि उपज मंडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अनाज व्यापारी के परिसर में अवैध रूप संग्रहित 270 क्विंटल चना जब्त किया है। महाराष्ट्र के भुसावल से यह चना खरीदा गया है। इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। आशंका है कि व्यापारी जिले में चल रही समर्थन मूल्य पर खरीदी में इसे बेचने की फिराक में था। टीम ने कार्रवाई कर जब्ती बना ली है। आगे की कार्रवाई सोमवार से शुरू की जाएगी।

जानकारी के अनुसार मंडी निरीक्षक आरके धनोरिया की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार देर रात वार्ड 7 में अनाज व्यवसायी अनिल पिता रामनारायण मालू के बाड़ी मैदान से लगे परिसर में कार्रवाई की। अनिल मालू ने बताया 50 किलो वजन की 540 बोरियां हैं। कुल 270 क्विंटल चना है। लेकिन यह छीपाबड़ के वैष्णव इंडस्ट्रीज के संचालक संजय साहू का है। टीम ने रात में 540 बोरियां की सुरक्षा के लिए मंडी के दो गार्ड व कोटवार की ड्यूटी लगाई। इसके बाद संयुक्त टीम रविवार सुबह मालू के घर पहुंची। जहां संजय साहू को बुलाया। जहां साहू ने बताया चना महाराष्ट्र के भुसावल से खरीदा। टीम ने पंचनामा बनाकर 270 क्विंटल चना मंडी अधिनियम की धारा 23 के तहत जब्त किया। धनोरिया ने बताया पंचनामा प्रतिवेदन सोमवार को मंडी सचिव, एसडीएम को सौंपेंगे। कार्रवाई केके उमरिया, चंद्रप्रकाश डाले, पटवारी अविनाश भारद्वाज की टीम ने की।

समर्थन मूल्य पर बेचने

का खेल

टीम को प्रस्तुत बिल में संजय साहू ने महाराष्ट्र के भुसावल से 3650 रुपए क्विंटल की दर से चना खरीदना बताया। लेकिन बिल में सिर्फ 243 बोरी चने का ही उल्लेख है, जबकि मौके पर टीम ने 540 बोरी चना बरामद किया है। मंडी प्रशासन को आशंका है कि यह सारा खेल समर्थन मूल्य पर बेचने का हो सकता है। महाराष्ट्र से कम दाम में खरीदकर खिरकिया में 4400 रुपए क्विंटल में चने को बेचने की आशंका जताई जा रही है।

व्यापारी को लग सकता है एक लाख तक जुर्माना

मंडी टीम ने जो चना जब्त किया है। वह मंडी प्रशासन के बगैर संज्ञान के महाराष्ट्र से खिरकिया आयात किया है। जबकि मंडी के नियमानुसार किसी भी पंजीकृत व्यवसायी द्वारा कृषि उपज की खरीदी एवं बिक्री की जानकारी मंडी प्रशासन को देना अनिवार्य है। चूंकि मंडी को जानकारी देने पर व्यापारी को टैक्स देना होता। करीब 20 हजार टैक्स लगता है, लेकिन 5 गुणा पेनाल्टी के साथ अब 1 लाख तक का जुर्माना लग सकता है।

270 क्विंटल चना जब्त किया है। मंडी प्रशासन के संज्ञान में लाए बगैर महाराष्ट्र से खिरकिया आयात किया है। जांच शुरू की है। दोनों व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी। आरके धनोरिया, मंडी निरीक्षक, खिरकिया

खबरें और भी हैं...