मेंटेनेंस के नाम पर कटौती से व्यापारी, विद्यार्थी परेशान, सरकारी कामकाज हो रहा प्रभावित
भास्कर संवाददाता | खिरकिया/छीपाबड़
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कंपनी की मनमानी फिर शुरू हो गई है। विद्युत वितरण कंपनी शहर मेें मेंटेनेंस के नाम पर बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कटौती कर रही है। अधिारियों का कहना है कि मेंटेनेंस के कारण कटौती की जा रही है। हकीकत यह है कि रात में भी किसी भी बिजली काटी जा रही है।
मेंटनेंस को कारण बताकर रात में बिजली कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। दिनभर में 5-6 बार बिजली काटी जा रही है। भीषण गर्मी में लोग परेशान हो रहे है। परीक्षा का समय होने के कारण कटौती से कॉलेज और स्कूल के स्टूडेंट्स परेशान हो रहे हैं।
कर्मचारी फोन का रिसीवर रख देते हैं अलग
बिजली कंपनी खिरकिया के सब स्टेशन का नंबर 251162 आउट ऑफ आर्डर बताता है। नागरिकों की शिकायत है कि कर्मचारी फोन का रिसीवर उठाकर रख साइड में रख देते हैं। इसके कारण यह नंबर आउट ऑफ आर्डर बताता है। लोग घंटों ट्राय करते हैं, लेकिन फोन नहीं लगता। जिससे समस्या का समय पर समाधान नहीं हो पाता है।
खिरकिया। सब स्टेशन का फोटो।
खेड़ीपुरा में वाइरिंग उलझी, खंभे गिरने की आशंका
करीब एक माह पहले खेड़ीपुरा क्षेत्र में रात के समय बिजली केबल टूटकर जमीन पर गिरी थी। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से भी कंपनी के अधिकारियों ने सीख नहीं ली है। इस क्षेत्र में अधिकांश बिजली के खंभे नीचे से क्षतिग्रस्त हैं। लाइनेंं पुरानी होने के कारण उस पर जाले लगे हैं। वायरिंग उलझी हुई है। हर बार मेंटेनेंस का दिखावा करने वाली बिजली कंपनी इसे लेकर लापरवाही बरत रही है।
बार-बार बिजली गुल होने से व्यापारी परेशान
कटौती से व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है तो सरकारी कामकाज पर भी असर हो रहे हैं। व्यापारी मनोज अमरूते ने बताया कि शहर में अचानक बिजली कटौती शुरू हो जाती है। इससे व्यापार में परेशानी आ रही है। पहले ही गर्मी अधिक पड़ रही है। ऐसे में कटौती होने सभी पसीने में तरबतर हो रहे है।
क्या कहता है नियम
नियमानुसार अगर कहीं अचानक कोई फाल्ट हो तो बिजली कंपनी उस क्षेत्र की बिजली बंद कर कार्य करा सकती है, लेकिन पूरे क्षेत्र की लाइन बंद करने का प्रावधान नहीं है। अगर मेंटेनेंस का काम कराया जाता है तो इससे पहले आमजन को सूचित किया जाना अनिवार्य होता है।
मेंटेनेंस के कारण कटौती की गई। अगर सब स्टेशन का नंबर बंद बता रहा है तो उपभोक्ताओं के हित में समस्या का समाधान करेंगे। एन सोमकुंवर, एई, विकं खिरकिया