खुजनेर | समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र से किसानों को रोज करीब 1200 किसानों को एसएमएस देकर माल तुलवाने बुलाया जा रहा है। इससे किसान रोज सैकड़ों की संख्या में खरीदी केंद्र पर आ रहे हैं। लेकिन उनका माल उसी दिन तौला नहीं जा रहा है। इससे उन्हें भीषण गर्मी में खासी परेशानी उठाना पड़ रही है। लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर दो दिनों से अधिकारियों द्वारा मंडी का निरीक्षण किया जा रहा है। शनिवार को एसडीएम ममता खेड़े ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से रूबरू चर्चा कर उन्हें आ रही समस्याओं को लेकर उपार्जन केंद्र प्रभारी नोडल अधिकारी बृज किशोर गुप्ता को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इससे एक दिन पहले शुक्रवार शाम डीएमओ राखी रघुवंशी ने भी निरीक्षण कर किसानों की सुविधा के मुताबिक कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश के बाद व्यापारियों ने भी उपार्जन केंद्र पर किसानों की परेशानी को देखते हुए सुविधा बढ़ाने के लिए हिमाल व तौल कांटे सोसायटी प्रबंधन को दे दिए हैं। ताकि अधिक कांटे व हम्माल होने से किसानों का माल उसी दिन और अबेर परेशानी के तुल सके।
नोडल अधिकारी बृजकिशोर गुप्ता ने बताया खरीदी केंद्र पर 10 कांटे चल रहे हैं। माल की तुलाई जल्द हा़े रही है। किसानों को परेशानी न हो इसके लिए हम्माल, तौल कांटों की संख्या बढ़ा दी है। केंद्र पर प्रतिदिन दो से ढाई हजार क्विंटल माल की तुलाई की जा रही है। रोज 200 से 300 ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ किसान माल लेकर आ रहे हैं।