- Hindi News
- National
- आज अध्यक्ष के चार, उपाध्यक्ष के छह और पार्षद के 60 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे वोटर
आज अध्यक्ष के चार, उपाध्यक्ष के छह और पार्षद के 60 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे वोटर
नगर पंचायत चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिए नगर पंचायत क्षेत्र में 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां 25013 मतदाता अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के एक-एक पद व 19 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान करेंगे। इनमें पुरुष वोटर 12563 व महिला वोटर 12450 हैं। मतदान कार्य करीब ढाई सौ मतदान कर्मियों को लगाया गया है। मतदान शांति पूर्ण व निष्पक्ष हो इसके लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। बूथ पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पेट्रोलिंग पार्टी के साथ सात सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पूरे दिन भ्रमण कर मतदान पर नजर रखेंगे। साथ ही मतदान केंद्र से ईवीएम पहुंचाने से लेकर मतदान के बाद उसे सुरक्षित बज्रगृह बिरसा कॉलेज तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। सुरक्षा के बाबत मतदान केंद्रों में जिला पुलिस बल के अलावा जैप व झारखंड जगुवार की तैनाती की जाएगी। बहरहाल जिला पुलिस-प्रशासन इस मिनी संसद चुनाव को गंभीरता से लिया है। लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तर्ज पर हर वह तैयारी की है जिसकी आवश्यकता है। कहीं से कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। जिला प्रशासन पिछले कई दिनों से चुनाव की तैयारी में जुटे हैं।
लोकतंत्र के चुनाव महापर्व को सब मिलकर बनाएं सफल
एसडीओ प्रणब कुमार पाल ने भी मतदानकर्मियों को बेसिक जानकारी देते हुए सामग्रियों का सही-सही मिलान करने का निर्देश दिया। मौके पर दानियल कंडूलना, प्रदीप कुमार समेत डीडीसी चंद्रकिशोर मंडल, एसी रंजीत लाल, आईटीडीए के निदेशक भीष्म कुमार समेत सभी अधिकारी उपस्थित थे।
लोयोला हाई स्कूल से मतदान के लिए रवाना होते मतदाकर्मी।
डीसी ने मतदानकर्मियों को जिम्मेवारीपूर्ण कार्य करने की नसीहत दी
लोयोला हाई स्कूल में रविवार को चुनाव कार्य में लगे मतदानकर्मियों को रवाना करने से पूर्व आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। डीसी सूरज कुमार ने मतदानकर्मियों से जिम्मेवारीपूर्ण कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आप तनीक भी न घबराए और निर्भीक होकर अपनी जिम्मेवारियों व कर्तव्य को निभाए। यदि कोई परेशानी होती है तो सामग्री के साथ कई मोबाइल नंबर दिए गए हैं, उसमें तुरंत संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने मतदानकर्मियों से कहा हर छोटी-छोटी चीजों पर ध्यान दे। यहां बता दें कि वार्ड नंबर 13 व 16 में एक-एक नामांकन होने के कारण दोनों को निर्विरोध पार्षद घोषित कर दिया गया।
पहली बार दलगत आधार पर हो रहे चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह, 29 मतदान केंद्रों पर तैयारी पूरी, सुबह सात बजे से होगी वोटिंग, लगभग 250 मतदान कर्मी कराएंगे मतदान
29 में 11 बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में, सुरक्षा बढ़ाई गई
खूंटी | 29 में से 11 बूथों को अतिसंवेदनशील बूथ में रखा गया है। सभी बूथों को संवेदनशील के श्रेणी में रखा गया है। अति संवेदनशील बूथों में उर्दू मध्य विद्यालय डहुगुटू का पूर्वी भाग तथा उतरी भाग, प्राथमिक विद्यालय जमुवादाग का पूर्वी भाग, बेलाहाथी रोड स्थित सामुदायिक भवन पिपराटोली का पूर्वी भाग, पिपराटोली मंदिर के पास स्थित सामुदायिक भवन का पश्चिमी भाग, हिन्दी मध्य विद्यालय डहुगुटू, हरिजन प्राथमिक विद्यालय कर्रा रोड(पूर्वी भाग) कमरा नंबर एक और पश्चिमी भाग कमरा नंबर दो, कौशल विकास केंद्र मेला टांड़ का पूर्वी भाग और पश्चिमी भाग तथा अंजुमन इस्लामिया भवन आजाद रोड शामिल हैं।
गड़बड़ी हो तो इन नंबरों में दे सूचना, तुरंत होगी कार्रवाई
उपायुक्त 9431106644
एसपी 9431706116
एसडीओ 94313 89560
एसडीपीओ 9431706145
इंस्पेक्टर 94317 06156
थाना प्रभारी 94317 06196
दैनिक भास्कर 8051131100
डीसी ने बताया कि प्रशासन चुनाव की पूरी तैयारी कर लिया है। मतदान दलों के पदाधिकारी निष्पक्ष होकर मतदान कराएं। केंद्रों में अव्यवस्था फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी
नाम पार्टी
अर्जुन पाहन भाजपा
पीटर मुंडू कांग्रेस
तुलसी तोपनो झामुमो
दुबराज सिंह मुंडा आजसू
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी
नाम पार्टी
राखी कश्यप भाजपा
सुरेंद्र कुमार मिश्रा कांग्रेस
दिनेश कुमार महतो आजसू
मनिता देवी झामुमो
मदनमोहन मिश्रा निर्दलीय
प्रमिला जायसवाल निर्दलीय
मॉडल बूथ नाम और काम से भी लगना चाहिए : डीसी
सभी 29 मतदान केंद्र को मॉडल मतदान केंद्र के रूप में स्थापित किया गया। हर बूथ में पहले 20 मतदाताओं को गुलाब फूल देकर स्वागत करने की तैयारी की गई है। साथ ही सभी मतदाताओं को एक-एक टाॅफी दी जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्र के बाहर शरबत की व्यवस्था रहेगी। यह जानकारी डीसी सूरज कुमार ने दी। डीसी ने मतदानकर्मियों से कहा कि यह ध्यान रहे कि मॉडल बूथ नाम, काम व आचरण से भी लगना चाहिए। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिलास्तर पर समाहरणालय कैंपस में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके वरीय प्रभार में एनडीसी राकेश कुमार रहेंगे। 40 महिला प्रत्याशियों समेत कुल 70 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला सोमवार को होगा।