- Hindi News
- National
- मतदान के अंतिम चरण की प्रक्रिया को पूरा करने में मदद करें अधिकारी : डीसी
मतदान के अंतिम चरण की प्रक्रिया को पूरा करने में मदद करें अधिकारी : डीसी
जिला प्रशासन के द्वारा राजकीय गर्ल्स मध्य विद्यालय में बुधवार को करीब एक सौ काउंटिंग सुपरवाइजर एवं काउंटिंग सहायक को काउंटिंग संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर उपायुक्त सूरज कुमार एवं एसडीओ प्रणब कुमार पाल ने उपस्थित काउंटिंग सुपरवाइजर एवं काउंटिंग सहायकों को काउंटिंग को लेकर कई दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कोई अच्छी तरह से ध्यान लगाकर कार्य करेंगे। शिकायत का मौका नहीं दें। क्यों कि इससे कई लोगों की भावना जुड़ी हुई है। मतगणना को लेकर कोई हड़बड़ी नहीं है।
आराम से व ध्यानपूर्वक कार्य कर मतदान के इस अंतिम चरण की प्रक्रिया को सफलता पूर्व पूरा करने में सहयोग दें। उन्होंने सभी मतगणनाकर्मियों को सुबह सात बजे मतगणना हॉल में पहुंच जाने का निर्देश दिया। इससे पूर्व प्रशिक्षण के क्रम में मास्टर ट्रेनरों ने काउंटिंग सुपरवाइजर व काउंटिंग सहायकों को प्रपत्र ख व ग को भरने, कंट्रोल यूनिट की जानकारी समेत ईवीएम सील है कि नहीं इसे एजेंट से सत्यापित कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण प्रभारी आईटीडीए के निदेशक भीष्म कुमार व जिला योजना पदाधिकारी विनय कुमार की उपस्थिति में विष्णुनंद तिवारी, शुभनारायण झा, प्रतापचंद्र कुमार, अरविंद सुमन, अशोक नवीन, सतीशचंद्र ज्ञानी ने काउंटिंग सुपरवाइजर व काउंटिंग सहायकों को प्रशिक्षण दिया।
मतगणना की तैयारी में जुटा प्रशासन, बिरसा कॉलेज में कल होगी मतगणना
जिला प्रशासन 20 अप्रेल को होने वाले मतगणना की तैयारी में जुट गया है। मतगणना प्रात: आठ बजे शुरू कर दी जाएगी। जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनूप रजत कच्छप ने बताया कि बिरसा में मतगणना की जाएगी। इसके लिए तीन कमरा तैयार किया जा रहा है। तीनों कमरों में एक-एक एआरओ एवं प्रेक्षक की निगरानी में 14-14 टेबलों में मतगणना की जाएगी। इस तरह वार्ड तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का रिजल्ट दो राउंड में सामने आ जाएगा। अनूप रजत ने बताया कि मतगणना हॉल मे एआरओ एवं प्रेक्षक उपस्थित रहेंगे। बताया गया प्रेक्षक की अनुमति से ही रिजल्ट सार्वजनिक की जाएगी। इधर मतदान के बाद से सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखी गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी जैप के जवानों के हाथों है। जैप के जवान सुरक्षा मेंं रात दिन मुस्तैद है। किसी को आस-पास फटकने तक नहीं दिया जा रहा है। इस बीच उपायुक्त सूरज कुमार समेत कई अधिकारियों ने बुधवार की शाम बिरसा कालेज स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।