130 उपासक भगतियों ने नंगे पांव अंगारों पर चलकर की शिव की अाराधना
खूंटी का ऐतिहासिक मंडा पर्व अपार श्रद्धा व विश्वास के साथ बुधवार को संपन्न हो गया। मौके पर स्थानीय महादेव मंडा शिवालय परिसर में विशाल मंडा में ला का आयोजन किया गया। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर लगने वाले मंडा में ला में मंडा पर्व के अंतिम अनुष्ठान झूलन में सभी 130 उपासक भगतियों ने भाग लिया। भगतियों को 20 फीट की ऊंचाई में बल्ले के सहारे झूलते हुए देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ी।
भोक्ता तथा पुरोहित सूरज पांडेय ने मंडा पर्व में प्रवेश लिए सभी भगतियों को बारी बारी से झुलाया, जो मेला आकर्षण का केंद्र था। यह अनुष्ठान दो से ढाई घंटे तक चला। इससे पूर्व दोपहर एक बजे सभी भगतिया दादुल घाट तालाब में एकत्रित होकर पाट एवं बनस पूजा की। इसके पश्चात सभी भगतिया में ला परिसर पहुंच कर झूलन अनुष्ठान में भाग लिया। दादुल घाट में मोहल्ले के लोगों ने भगतियों का स्वागत किया और भक्तों के बीच शरबत व चना का वितरण किया। इसमें सूरज पूर्ति, मनोहर प्रजापति, विकास कुमार, नीरज पूर्ति, शीला प्रधान, विशाल, सनातन, निमिष गोप, अंकित गोप आदि ने सहयोग किया। इससे पूर्व मंगलवार की रात जागरण किया गया। पूरी रात में ला परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की गई। इसके साथ साथ भगतिया दहकते शोलों पर नंगे पांव चल कर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। आयोजन को सफल बनाने में काशीनाथ महतो, परमानंद कश्यप, सुरेंद्र राम, संजय प्रसाद, रमेश राम, प्रशांत कुमार, अजय, सती कश्यप आदि ने सहयोग किया। इस बीच में ला आए ग्रामीणों ने विभिन्न खेल तमाशा व झूले का जमकर लुत्फ उठाया और खरीददारी की। ग्रामीणों विशेष कर बच्चों में मेला के प्रति काफी उत्साह देखा गया।
10 दिनों का उपवास तोड़ा
मंडा पूजा में शामिल भगतियों को उनके परिजन झूलन के बाद कंधे पर बैठा कर शिवालय ले गए, वहां परिजनों ने दस दिनों का उपवास तुड़वाया। इसके बाद सभी भगतिया भगवान शिव की आराधना कर खुशी-खुशी घर लौट गए। इस अवसर पर उनके साथ उनके परिजन से लेकर रिश्तेदार ने हिस्सा लिया।
इटकी में नागपुरी गीत-संगीत कार्यक्रम में झूमे श्रद्धालु
भास्कर न्यूज | इटकी
इटकी में झूलन के साथ बुधवार को दो दिनों से चल रहा मंडा पूजा उत्सव संपन्न हो गया। झूलन के दौरान मंडा उपासकों को डंडे के सहारे 20 फीट की ऊंचाई पर झुलाया गया। झूलने के क्रम में उपासकों ने पुष्प वर्षा की, जिसे लोग प्रसाद के रूप में लोगों ने ग्रहण किए। फूल लेने के लिए महिलाएं अपने आंचल को फैलाई हुई थीं। उपासकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इससे पूर्व मंगलवार को पहले दिन पूजा उपासकों ने नगर भ्रमण, धुआंसी, लोटन सेवा व फूलखुंदी आदि अनुष्ठान किए थे।
दहकते अंगारे पर भोक्ता ऐसे चल रहे थे, मानो फूलों की सेज पर चल रहे हों। मंदिर परिसर में लोग बड़ी संख्या में पूजा देखने आए थे। इससे पूर्व महिलाएं व बच्चों ने केसरी तालाब से जल लाकर मुख्य शिव मंदिर में जलाभिषेक किए। देर रात आयोजित पवन पंकज के रंगारंग नागपुरी गीत-संगीत कार्यक्रम का लोगों खूब आनंद लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक गंगोत्री कुजूर ने किया। रातभर चले इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि शिवसेना के रांची जिला महासचिव दीपक सिंह, मंडा पूजा कमेटी के संरक्षक सह जिप सदस्य लाल रामेश्वरनाथ शाहदेव, अध्यक्ष कृष्णाराम तिवारी, राजेश्वर महतो, भोगन सोरेन, जगमोहन महतो, अजीत केसरी, प्रकाश महतो, संजय महतो, कामेश बर्मन व देवेंद्र महतो आदि थे।